गुवाहाटीः अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, गुवाहाटी ने रविवार को प्रातः 10 बजे से तेरापंथ धर्मस्थल में संस्कारक बाबूलाल सुराणा, अशोक मालू, राकेशजी जैन (अभातेयुप प्रभारी, जैन संस्कार विधि), विनीतजी लुणिया, अशोक बोरड़,  बजरंग लाल डोसी, छतरसिंह चोरड़िया एवं सतीश भादानी की उपस्थिति में जैन संस्कार विधि से दीपावली पूजन कार्यशाला का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कारकों ने नमस्कार महामंत्र किया। तत्पश्चात महावीर अष्टकम् का संगान उपासिका श्रीमती पुष्पा देवी गोलछा ने किया। मंगलाचरण तेयुप के साथियों ने प्रस्तुत किया। श्रावक निष्ठा पत्र का वाचन तेरापंथी सभा के अध्यक्ष बजरंग कुमार सुराणा ने किया। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय वक्तव्य में  मनीष कुमार सिंघी ने उपस्थित श्रावक समाज से अपने जीवन में होने वाले मांगलिक कार्यों को जैन संस्कार विधि द्वारा करने के लिए प्रेरित किया। सभी संस्कारकों ने साथ मिलकर दीपावली को जैन संस्कार विधि से जैन मंत्रोच्चार द्वारा कैसे मनाया जाए उसकी जानकारी डेमो के माध्यम से दी। संस्कारक राकेश जैन ने कहा कि जैन संस्कार विधि वर्तमान समय की मांग है। इसमें बाहरी आडंबर, फिजूलखर्ची एवं आतिशबाजी से होने वाली हिंसा के अल्पीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाता है। सभी संस्कारकों ने उपस्थित श्रावक समाज को दीपावली पूजन जैन संस्कार विधि से मनाने का आह्वान किया। आभार ज्ञापन मंत्री विकास झाबक ने किया। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्कारक सतीश भादानी ने किया। यह जानकारी परिषद् उपाध्यक्ष रोहित सुराणा ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी।