अगरतला : त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने घोषणा की कि उनकी सरकार धलाई जिले में एम्स की सुविधाओं जैसा एक मेडिकल कॉलेज बनाने जा रही है। राज्य में बनने जा रहा यह अत्याधुनिक सुविधाओं वाला मेडिकल कॉलेज राज्य का तीसरा मेडिकल कॉलेज होगा। साहा ने कहा कि राज्य में दो मेडिकल कॉलेज हैं, जिनमें प्रत्येक कॉलेज की क्षमता 100 है, जिसमें एक 2005 से सरकार द्वारा नामित सोसायटी द्वारा संचालित है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा में सुधार के लिए राज्य सरकार अंबासा में एक और मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को अपने ही राज्य में एम्स सरीखी अत्याधुनिक सुविधाएं मुहैया कराने के लिए सरकार ने यह फैसला किया है। त्रिपुरा में हालांकि दो मेडिकल कॉलेज पहले से ही काम कर रहे हैं और इनके कारण राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में काफी इजाफा हुआ है।