सिमलगुड़ी : शिवसागर जिले के नाजिरा के निकटवर्ती मेकीपुर चाय बागान में एक गहरे नाले में क्षत-विक्षत अवस्था में लाश के मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार बागान में कार्यरत श्रमिकों ने एक गहरे नाले में संदिग्ध अवस्था में बोरे में लिपटी हुई लाश को देखकर इसकी सूचना नाजिरा थाने को दी। पुलिस ने लाश को अपने कब्जे में लेकर तहकीकात शुरू करने पर पाया कि शरीर से एक हाथ भी कटा हुआ है एवं लाश पूरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में थी। समाचार भेजे जाने तक लाश की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। वहीं स्थानीय लोगों ने संदेह जताया है कि किसी ने हत्या कर शव को यहां फेंक दिया। घटना की सही जानकारी पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन इस बीच स्थानीय लोगों ने इन दिनों अचानक बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताई है। जहां एक अन्य घटना में दो दिन पूर्व बामन पुखरी में एक व्यक्ति पर छूरे से हमला हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नाजिरा : चाय बागान में मिली क्षत-विक्षत लाश, आपराधिक घटनाओं में वृद्धि