रंगिया महकमा में हर दिन कोविड रोगियों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है, जिससे इलाके के लोगों में चिंता व्याप्त है। हालांकि समानांतर रूप से कोविड टीकाकरण और परीक्षण भी जारी है। मालूम हो कि रंगिया स्टेशन पर बाहरी राज्यों से आने वाले सभी यात्रियों की परीक्षा भी निर्बाध रूप से चल रही है। रंगिया में गत शनिवार को 38 लोग कोविड-19 संक्रमित पाए गए थे। इनमें से कुछ लोगों को हाजो के कलिताकुची कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कुछ लोगों को अपने घर पर होम आइसोलेशन की व्यवस्था की गई है। इस तरह रंगिया महकमा में सक्रिय कोविड संक्रमितों की संख्या 579 हो गई है। रंगिया महकमा में कोविड संक्रमितों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन द्वारा सभी दैनिक तथा साप्ताहिक और अर्ध साप्ताहिक हाट बाजारों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। महकमा प्रशासन द्वारा जारी उक्त निर्देश आगामी 20 मई तक लागू रहेगा। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा कड़ी चेतावनी दी गई है कि निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इधर राज्यभर के साथ रंगिया महकमा में शाम 6 बजे से लागू  रात्रि कर्फ्यू के दौरान बिना किसी कारण के घर से बाहर आने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा कार्रवाई करने की जानकारी मिली है। सनद रहे कि रंगिया शहर में कुछ बेपरवाह लोगों की लापरवाही तथा पुलिस एवं सिवि प्रशासन की मूक दर्शक भूमिका स्वास्थ्य विभाग के साथ जागरूक लोगों की चिंता बढ़ाए हुए है। स्थानीय लोगों ने कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने के लिए पुलिस प्रशासन से समय रहते सक्रियता का आह्वान किया है।