जोरहाट : जोरहाट जिला प्रशासन ने आज एक बड़ा कदम उठाते हुए जोरहाट मेडिकल कॉलेज व अस्पताल के सामने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। प्रशासन ने पुलिस के सहयोग से जेएमसीएच के सामने लगाई गई 25 दुकानों को हटा दिया। जानकारी के अनुसार प्रशासन ने अभियान से पूर्व सभी को नोटिस जारी किया था। लेकिन दुकानदारों ने प्रशासन की बात को न मानते हुए दुकानों को चला रहे थे। दूसरी ओर प्रशासन के इस अभियान को लेकर दुकानदारों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दुकानदारों का कहना है कि लगभग पचास परिवार इन दुकानों की बदौलत अपना गुजारा कर रहे थे। आर्थिक रूप से कमजोर कई लोगों छोटे-छोटे दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उन लोगों का आरोप है कि प्रशासन ने बिना किसी जानकारी के यह अभियान चलाया है। कइयों का कहना था कि महज एक दिन पहले उन्हें यहां से दुकान हटाए जाने का निर्देश दिया गया था। ऐसे में दुकानदारों को दुकान हटाने का समय ही नहीं मिला। दुकानदारों ने अभियान के दौरान क्षतिग्रस्तों को रोजगार देने के लिए प्रशासन से मांग की है।
जोरहाट जिला प्रशासन ने जेएमसीएच के सामने मौजूद 25 दुकानों को हटाया