एलियन को लेकर आए दिन अजीबोगरीब खबरें सामने आती रहती हैं। इस परग्रही जीव को लेकर कई तरह के दावे किए जाते हैं। दुनिया में कई लोग एलियन को देखने का दावा कर चुके हैं। कभी-कभी ऐसे दावे किए जाते हैं जिनके बारे में जानकर वैज्ञानिक भी हैरान रह जाते हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ब्रह्मांड में एलियन का अस्तित्व है? हालांकि इस बात का किसी के पास कोई सबूत नहीं है। एलियन के अस्तित्व को लेकर सालों से वैज्ञानिक रिसर्च कर रहे हैं, लेकिन उनको अभी कोई सफलता नहीं मिली है। इसके बावजूद एलियन के बारे में समय-समय पर हैरान करने वाले दावे किए जाते हैं। कई बार इंटरनेट पर ऐसे वीडियो देखने को मिलते हैं जिनके यूएफओ होने के दावे किए जाते हैं। हालांकि कुछ लोग इससे सहमत नहीं होते हैं और वीडियो एडिटेड बताते हैं। अब इस बीच एक बीच वैज्ञानिकों ने बताया है कि कितने साल में एलियन मिल जाएंगे। जीवन की तलाश में मंगल ग्रह पर कई प्रोब, रोवर, लैंडर भेजे गए, लेकिन अभी तक जीवन को खोजने में सफलता नहीं मिल पाई है। हालांकि वैज्ञानिक मानते हैं कि वो बहुत जल्द सौर मंडल के बाहर जीवन को खोजने में कामयाब हो जाएंगे। उनका कहना है कि 25 साल में दूसरे ग्रह पर मौजूद जीवन को खोज लेंगे। उनका कहना है कि साथ ही इनके संपर्क करने के लिए तकनीक भी बनाने में कामयाबी मिल जाएगी। वैज्ञानिकों का यह दावा हैरान करने वाला है, लेकिन यह हो गया तो 25 साल में एलियन को खोज लिया जाएगा। यह दावा करने वाली वैज्ञानिक का नाम साशा क्वांज है जो स्विट्जरलैंड के संघीय तकनीकी संस्थान ईटीएच ज्यूरिख की एस्ट्रोफिजिसिस्ट हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी के ओरिजिन और प्रिवैलेंस ऑफ लाइफ के उद्घाटन के मौके पर यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मौजूद तकनीक से यह पता चल चुका है कि ब्रह्मांड में सिर्फ धरती पर ही जीवन नहीं है। उनका कहना है कि दूसरे ग्रहों पर भी जीवन हो सकता है। सिर्फ हमें उनको खोजने और संपर्क करने की आवश्यकता है। एस्ट्रोफिजिसिस्ट साशा क्वांज ने कहा कि साल 1995 में नोबेल पुरस्कार विजेता डिडियर क्यूलोज ने सौर मंडल के बाहर पहले ग्रह को खोजा था। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में सौर मंडल के बाहर पांच हजार से ज्यादा ग्रहों की खोज हो चुकी है। इसके अलावा आए दिन ग्रहों यानी एक्सोप्लैनेट्स खोजे जा रहे हैं। अभी भी कई एक्सोप्लैनेट्स को खोजा जाना है। वैज्ञानिक मानते हैं कि हमारी आकाशगंगा में 10 हजार करोड़ तारे मौजूद हैं। सबसे खास बात यह है कि हर तारे का एक साथी ग्रह भी है। वैज्ञानिकों का कहना है कि सौर मंडल से बाहर असंख्य एक्सोप्लैनेट्स हैं।
वैज्ञानिक ने एलियन पर किया चौंकाने वाला दावा