कोहिमाः नगालैंड में कोहिमा जिले के सेइहामा गांव में पहली बार ‘नगा मिर्चा महोत्सव’ आयोजित किया गया। दुनिया की सबसे तीखी मिर्च मानी जाने वाली नगा मिर्चा (किंग चिली) को एसएचयू पर आधारित दुनिया की सबसे तीखी मिर्च की सूची में लगातार शीर्ष पांच में रखा गया है। इसे ‘राजा मिर्चा’, ‘भूत जोलोकिया’ या ‘घोस्ट पेपर’ के रूप में भी जाना जाता है, इस मिर्च ने 2008 में भौगोलिक संकेत (जीआई) प्रमाणन प्राप्त किया। मिर्चा का यह परिवार सोलानेसी के जीनस कैप्सिकम से संबंधित है। नागा मिर्च या राजा मिर्चा नगालैंड की एक स्वदेशी फसल है, जिसके बारे में माना जाता है कि इसकी उत्पति नगालैंड के जेलियांग्रोंग क्षेत्र से हुई थी और बड़े पैमाने पर पेरेन, सोम, कोहिमा और डिमापुर में उगाया जाता है।