अगरतलाः त्रिपुरा में विपक्षी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने कहा कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली सरकार जनविरोधी गतिविधियों, गुंडागर्दी और अपनी प्रतिबद्धताओं को पूरा नहीं करने के कारण अपना पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाएगी। माकपा प्रदेश सचिव जितेन्द्र चौधरी ने दक्षिण त्रिपुरा में पार्टी कार्यकर्तओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने सहनशीलता की सारी हदों को पार कर दिया है और लोकतंत्र पर ‘हमला’ करने की अपनी खराब मिसाल को कायम रखा है। चौधरी ने दावा किया कि दमनकारी और जनविरोधी भाजपा सरकार नवरात्र में ‘दुर्गा पूजा’ के बाद गिर जाएगी और राज्य जल्द ही भाजपा के दमन से मुक्त हो जाएगा, क्योंकि भगवा पार्टी बहुमत के समर्थन को बरकरार नहीं रख पाएगी।