नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को ग्रेटर नोएडा में ‘आईडीएफ विश्व डेयरी सम्मेलन-2022’ का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम में 50 देशों के 1,500 से अधिक प्रतिनिधी भाग लेंगे। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला ने बृहस्पतिवार को यहां आयोजित संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। यह कार्यक्रम 12 सितंबर से शुरू होगा और चार दिन तक चलेगा। कार्यक्रम का विषय ‘पोषण और आजीविका के लिए डेयरी’ रखा गया है। रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री 12 सितंबर को इस शिखर सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 50 देशों के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में भाग लेंगे। चार दिन के कार्यक्रम में 1,500 से अधिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा अन्य केंद्रीय मंत्री भी शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और गुजरात के मुख्यमंत्री भी 48 वर्ष बाद भारत में होने वाले इस वैश्विक कार्यक्रम में शामिल होंगे। पिछली बार भारत ने 1974 में अंतरराष्ट्रीय डेयरी कांग्रेस की मेजबानी की थी। डेयरी शिखर सम्मेलन में वैश्विक और भारतीय डेयरी उद्योग के विशेषज्ञों, किसान और नीति योजनाकार जुटेंगे।
मोदी 12 सितंबर को विश्व डेयरी सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन