अदरक कई प्रकार से हमारी सेहत के लिए फायदेमंद औषधियों में से एक माना जाता रहा है। आयुर्वेद और मेडिकल साइंस, दोनों में ही अदरक से होने वाले स्वास्थ्य लाभ का जिक्र मिलता है, पर क्या आप जानते हैं कि कुछ स्थितियों में अदरक का सेवन शरीर के लिए गंभीर समस्याओं का कारण भी बन सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं किसी भी औषधि से लाभ प्राप्त करने के लिए उसके सेवन के तरीके और मात्रा के बारे में सही जानकारी होना बहुत आवश्यक होता है। अदरक जहां संयमित मात्रा में सेहत को लाभ पहुंचाता है वहीं इसकी अधिक मात्रा शरीर के लिए कई प्रकार की गंभीर समस्याओं का भी कारण बन सकती है। आहार विशेषज्ञ डॉ आरती सिंह बताती हैं, वैसे तो अदरक सभी के लिए सुरक्षित है और इसके दुष्प्रभावों का जोखिम न के बराबर होता है, हालांकि यदि आप इसका दैनिक रूप से बहुत अधिक सेवन कर रहे हैं तो इसके कुछ संभावित नुकसान जरूर हो सकते हैं। हालांकि यदि आप रोजाना 5 ग्राम से अधिक मात्रा में इसका सेवन कर रहे हैं तो इसके गंभीर साइड-इफेक्ट्स का खतरा बढ़ जाता है। गर्भवती महिलाएं भी अदरक का सेवन कर सकती हैं, यह उनके लिए भी सुरक्षित माना जाता है। हालांकि इस दौरान इसकी मात्रा का ख्याल रखना आवश्यक हो जाता है। कुछ अध्ययनों में पाया गया है कि गर्भावस्था के दौरान अदरक का अधिक सेवन करना शिशु और मां दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इससे रक्तस्राव और कुछ स्थितियों में गर्भपात का खतरा हो सकता है। गर्भावस्था के दौरान अदरक के सेवन को लेकर अपने डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें। अध्ययनों में पाया गया है कि अदरक में मौजूद यौगिक, ब्लड शुगर के स्तर को बढ़ने से रोकने में मदद करते हैं, पर अगर आप इससे अधिक लाभ पाने के चक्कर में बहुत अधिक मात्रा में अदरक का सेवन कर रहे हैं तो इसके कारण लो ब्लड शुगर की समस्या होने का खतरा रहता है। ब्लड शुगर का स्तर कम होने की स्थिति में चक्कर आने, थकान और बेहोशी जैसे दिक्कत हो सकती है। इसका हमेशा ख्याल रखा जाना चाहिए। अदरक के एंटी-इंफ्लामेटरी गुण इसे वैसे तो हृदय रोगियों के लिए फायदेमंद बनाते हैं, पर इसका अधिक मात्रा में सेवन करना दिल की धड़कन में अनियमितता, धुंधली दृष्टि और अनिद्रा जैसी समस्याओं का खतरा भी पैदा कर सकता है। अनिद्रा को रक्तचाप और दिल की बीमारियों को बढ़ाने वाले कारक के तौर पर जाना जाता है।
अदरक का इस तरह से सेवन हो सकता है गंभीर बिमारी, न करें यह गलती