गुवाहाटी: असम के विभिन्न शहरों और आसपास के राज्यों में इन दिनों भीषण गर्मी से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। हालांकि गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री अधिक दर्ज किया गया। राज्य के सिलचर शहर में गुरुवार को पूरे क्षेत्र में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया, वहीं दूसरी ओर गुवाहाटी दूसरे स्थान पर रहा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कल की अपेक्षा आज गुवाहाटी का अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं दूसरी ओर कल की तरह आज भी लखीमपुर और सिलचर का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया जो इस शहर का अब तक का दूसरा सबसे अधिक तापमान है। मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को गुवाहाटी में भी अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जिसके कारण लोग अपने घर से ही जरूरी कार्य निपटाने में लगे थे। आज गुवाहाटी में गर्मी की वजह से दस बजे से तीन बजे तक सडक़ों पर भीड़-भाड़ कम देखी गई। भीषण गर्मी से जहां लोगों की परेशानी बढ़ गई है, वहीं दूसरी ओर नारियल पानी, कोल्ड ड्रिंक की बिक्री काफी हो रही है। लोग अपनी प्यास बुझाने के लिए विभिन्न प्रकार के उपाय कर रहे हैं। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने को कहा है, क्योंकि कुछ दिनों तक तापमान अधिक रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि असम, त्रिपुरा, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर और मिजोरम राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
गुवाहाटी समेत पूर्वोत्तर क्षेत्र गर्मी की चपेट में, जनजीवन बेहाल
