गुवाहाटी : असम में विपक्षी कांग्रेस ने बुधवार को राज्य के पूर्व मंत्री नीलमणि सेन डेका को पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के मामले में तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव (प्रशासन) अपूर्व कुमार भट्टाचार्य ने एक आदेश में कहा कि प्रदेश इकाई के कार्यकारी सदस्य डेका को लगातार पार्टी अनुशासन का उल्लंघन करने के मामले में’’ असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा के निर्देश पर निष्कासित कर दिया गया है।भट्टाचार्य ने कहा कि पहले भी कई मौकों पर उन्हें पार्टी के खिलाफ ऐसे बयान नहीं देने को कहा गया था जो नुकसान पहुंचाएं, लेकिन लिखित आश्वासन के बावजूद वह पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे। डेका पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के कार्यकाल में कृषि मंत्री थे। उन्होंने 2016 में धरमपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और हार गये थे। वह जुलाई 2013 में सुर्खियों में रहे थे जब उन्होंने बयान दिया था कि आठ लोग केवल 20 रुपये में सही से भोजन कर सकते हैं।