गुवाहाटी: मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा बृहस्पतिवार को बाढ़ प्रभावित जिले दीमा हसाओ का दौरा करेंगे। मुख्यमंत्री डा.शर्मा जिले में बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने के बाद दीमा हसाओ के जिला अधिकारी के अलावा संबंधित विभागीय अधिकारी के साथ नुकसान का समीक्षा करेंगे। उल्लेखनीय है कि दीमा हसाओ असम में बाढ़ से सबसे बुरी तरह प्रभावित होने वाले जिलों में से एक है, जहां रेल और सडक़ संपर्क पूरी तरह से ठप हो गया था। दूसरी ओर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को अपने मेघालय समकक्ष कोनराड संगमा के साथ वीडियो-कांफ्रेंसिंग के माध्यम से एक बैठक की और संगमा से अपील की कि वे असम सरकार द्वारा भेजी जा रही राहत सामग्री और सामग्री की सुचारू आवाजाही की सुविधा प्रदान करें। उल्लेखनीय है कि बराक घाटी के बाढ़ प्रभावित तीन जिले को मेघालय से गुजरने वाली सडक़ें असम से जोड़ती हैं। मेघालय के मुख्यमंत्री की तरफ से कछार, हैलाकांदी और करीमगंज जिलों की बाढ़ प्रभावित आबादी के लिए आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए असम सरकार को उनकी ओर से सभी समर्थन और सहयोग का आश्वासन दिया गया है। उल्लेखनीय है कि भूस्खलन और बाढ़ के पानी के कारण ब्रह्मपुत्र और बराक घाटी के बीच सडक़ संपर्क विच्छेद हो जाने के कारण बराक घाटी में अधिकांश राहत सामग्री मेघालय राज्य से गुजरने वाली सडक़ों के माध्यम से भेजी जा रही है। बैठक में असम के जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका, मेघालय के सभी उपायुक्तों सहित दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी भाग लिया। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर एक अन्य बैठक में संबंधित अधिकारियों और विभागों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि बाढ़ प्रभावित जिलों में आबादी के बीच आवश्यक वस्तुओं की कोई कमी न हो। मुख्यमंत्री ने कछार के उपायुक्त को जिले में भीषण बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कम से कम 15 दिनों के लिए आवश्यक भोजन और अन्य वस्तुओं का भंडार करने के लिए कहा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बराक घाटी के तीन जिलों के लिए 24&7 नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का भी निर्देश दिया ताकि मिनट-दर-मिनट निगरानी सुनिश्चित की जा सके और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के अनुरोधों पर त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके। मुख्यमंत्री ने जोरहाट जिले के उपायुक्त को कल तक सबसे अधिक प्रभावित कछार जिले में आवश्यक राहत सामग्री तत्काल भेजने का भी निर्देश दिया। भू-स्खलन और बाढ़ के पानी से राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों के जलमग्न होने के कारण सडक़ों की रुकावटों से चिंतित मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के आयुक्त को उन सडक़ों पर जल्द से जल्द वाहनों की आवाजाही के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। बुधवार की बैठकों में मौजूद सेना और वायु सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मुख्यमंत्री को बाढ़ के प्रभाव से निपटने में प्रशासन की मदद करने के लिए दोनों बलों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उक्त बैठकों में असम कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री पीयूष हजारिका, थल सेना, वायु सेना, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल व राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल के अधिकारी और सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।