होली रंगों और मस्ती का उत्सव है। सभी इस दिन पूरी मस्ती में नजर आते हैं। रंगों और उमंगों पर किसी का बंधन नहीं होता। यह इसी खुशी से मनाया जाए यही जरूरी है, वरना कई बार छोटी सी लापरवाही बड़ी परेशानी का सबब बन जाती है। अगर आपको भी है अपनी और अपने परिवार की सेहत का ख्याल तो होली पर इन बातों का जरूर ध्यान रखें। होली पर बिकने वाले केमिकल वाले कलर्स सस्ते तो होते हैं पर सेहत पर इनका बहुत बुरा प्रभाव पड़ता है। इससे आंखों, त्वचा, नाक और कान पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। होली को पूरी मस्ती से मनाने के लिए कोशिश करें की हर्बल कलर्स का ही इस्तेमाल करें। ये कलर स्किन फ्रेंडली होते हैं और आसानी से छूट भी जाते हैं। होली पर रंग तो खेलना ही है पर इसके लिए अपने कपड़ों का बहुत ध्यान रखें। कोशिश करें कि पूरी तरह ढके हुए कपड़े ही पहनें। इससे त्वचा को कम नुकसान पहुंचेगा। शरीर के कुछ अंग ऐसे होते हैं जहां पर रंगों की पहुंच बहुत ज्यादा नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए कपड़ों का ध्यान रखना ज्यादा जरूरी है।
आंखों की सुरक्षा है जरूरी
आंखें हमारे शरीर का सबसे नाजुक अंग हैं। इनकी सुरक्षा सर्वोपरि है। रंग या केमिकल का एक छोटा सा कण भी आंखों के लिए घातक हो सकता है। इसलिए जब भी होली खेलने निकलें, कोशिश करें कि आंखों पर रंगीन चश्मा पहन लें। इससे आप स्टाइलिश लगेंगे और आंखें भी सुरक्षित रहेंगी।
चेहरे पर बनाएं सुरक्षा चक्र
होली पर सबसे ज्यादा बुरा हाल चेहरे का होता है। इस पर रंग लगाए बिना हो होली की शुरूआत हो ही नहीं सकती। इसलिए चेहरे को छुपा तो नहीं सकते पर उस पर सुरक्षा चक्र बनाएं। इसके लिए चेहरे पर पेट्रोलियम जेली या सरसों/नारियल का तेल लगाएं। यह रंगों के खिलाफ आपके चेहरे पर सुरक्षा चक्र बनाएंगे।
बालों का रखें ध्यान
रंग चाहें हर्बल हों या केमिकल वाले, दोनों ही बालों के स्टफ को नुकसान पहुंचाते हैं। इसलिए अगर आप होली की मस्ती प्लान कर रहे हैं तो बालों में तेल जरूर लगाएं। इससे रंग बालों पर गिरेगा तो जरूर पर उन्हें डैमेज नहीं कर पाएगा।