उद्योगपति गौतम अडाणी ने कमाई के मामले में चीन के कारोबारी जैक मा को पछाड़ दिया है। अडाणी समूह के चेयरमैन की दौलत इस साल 17.1 अरब डॉलर बढ़ी है। इसके साथ ही ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के अनुसार, वे अब विश्व के 25वें सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। मौजूदा समय में उनकी कुल संपत्ति 50.9 अरब डॉलर है। वहीं अलीबाबा के संस्थापक जैक मा इस सूची में 26वें स्थान पर हैं। साल 2021 में अब तक उनकी दौलत 43.7 करोड़ डॉलर घटी है। वे अब 50.2 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। इस साल गौतम अडाणी की संपत्ति में सबसे ज्यादा इजाफा हुआ है। इसका कारण अडाणी के पोर्ट से लेकर ऊर्जा कारोबार में निवेशकों का भरोसा बढ़ना है। इस दौरान एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी की दौलत भी 5.08 अरब डॉलर बढ़ी है। वे 81.8 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक हैं। अंबानी विश्व के 10वें सबसे अमीर शख्स हैं।
अडाणी ने चीनी कारोबारी जैक मा को पछाड़ा
