गुवाहाटीः कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री व राज्यसभा सांसद अमी याज्ञनिक ने रविवार को दावा किया कि मोदी सरकार की ओर से हम सभी को नए साल का तोहफा नई महंगाई के रुप में मिला है। याज्ञनिक ने उपरोक्त आशय की बातें आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कही। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेन बोरा सहित अन्य कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मौके पर उपस्थित पत्रकारों को संबोधित कांग्रेस की इस वरिष्ठ नेत्री ने कहा कि हर नए साल के दिन, हम एक-दूसरे के सुख और समृद्धि की कामना करते थे। बहरहाल क्या आपने कभी सोचा है कि हमारी सरकार नए साल पर हमारे सुख-समृद्धि के लिए हमें क्या दे रही है? पीएम मोदी और उनकी सरकार हमसे क्या चाहती हैं? पिछले सात सालों की तरह इस साल भी मोदी सरकार ने देश की जनता को जो तोहफा दिया है- वह नई महंगाई का तोहफा है। याज्ञनिक ने आगे कहा कि 2022 के पहले दिन मोदी सरकार ने हमें मुद्रास्फीति प्रदान किया, जिससे निपटना हमारे लिए आसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र ने नई साल में जो बदलाव किए हैं, वे सभी आगे परेशानी उत्पन्न करेगी और इससे आम आदमी का जीवन प्रभावित होगा।
मोदी सरकार ने नए साल पर दिया महंगाई का तोहफा : अमी याज्ञनिक