गुवाहाटी, विश्वनाथ : सरकार की प्रतिबद्धता पर खरे उतरते हुए मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने आज रविवार को धेमाजी में आयोजित एक कार्यक्रम में असम माइक्रोफाइनेंस प्रोत्साहन व राहत योजना, 2021 (एएमएफआईआरएस) के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने महिला लाभार्थियों में प्रोत्साहन राशि के पांच-पांच हजार रुपए के चेक बांटे और उन्हें अच्छा ऋण अनुशासन बनाए रखने के लिए आग्रह किया। उल्लेखनीय है कि एएमएफआईआरएस के तहत प्रति लाभार्थी  25000 रुपए दिए जा रहे हैं। धेमाजी की कुल 11 हजार महिला लाभार्थियों  को इस योजना के दायरे में लाया गया है और 11 हजार लाभार्थियों में से पांच हजार को चेक भेंट की गई। शेष छह हजार  को आने वाले कुछ दिनों में जिले के विकास खंड कार्यालय से चेक दिए जाएंगे। इस मौके पर अपने संबोधन में डॉ. शर्मा ने लाभार्थियों से वित्तीय प्रोत्साहन और उनके व्यावसायिक उपक्रमों को मजबूत करने के लिए इसका सदुपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अपना सिबिल स्कोर बढ़ाने के लिए ऋण राशि को चुकाना आवश्यक है ताकि वे आगे भी व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए ऋण का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि योजना  का प्रथम चरण 15 अप्रैल तक समाप्त हो जाएगा और सरकार उन ऋणियों के लिए एक और योजना तैयार करेगी जो अपना ऋण वापस नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि सरकार पोर्टल बनाएगी और वहां से 1 फरवरी से आवेदन मांगा जाएगा। राज्य की जनता का कल्याण करने की अपनी सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अरुणोदय योजना के मापदंडों को बढ़ाया जाएगा। ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के प्रति जनता के जबरदस्त समर्थन के लिए राज्यवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा अभियान पूरा साल चलेगा। उरुका की रात भी इस तर्ज के विशेष अभियान जारी किया जागा। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ अभियान के क्रम में जुए के खिलाफ सरकार अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने राज्य के किसान समुदाय से कहा कि वे अपना धान एफसीआई को बेचें। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग धान के में नमी की मात्रा को दूर करने के लिए अनाज सुखाने की मशीन खरीदना चाहते हैं, उन्हें सरकार 50 फीसदी सब्सिडी देगी। इस अवसर पर वित्त मंत्री अजंता नेउग, शिक्षामंत्री डॉ. रनुज पेगु, धेमाजी जिले के संरक्षक मंत्री संजय किसान, सांसद प्रदान बरुवा, जोनाई के विधायक भुवन पेगु ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में  लखीमपुर के विधायक मानव डेका, बिहपुरिया के विधायक अमिय कुमार भुइयां, मिसिंग स्वायत्त परिषद के सीईएम परमानंद छेंगिया और कई अन्य लोग उपस्थित थे।