नई दिल्ली : पूरी दुनिया के लिए संकट का सबब बने कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट ने भारत में डेल्टा वैरिएंट की जगह लेनी शुरू कर दी है। कोरोना के नए और अधिक संक्रामक वैरिएंट ओमिक्रोन से संक्रमण के मामलों में लगातार तेजी आ रही है। वहीं, देश में ओमिक्रोन ने डेल्टा वैरिएंट को विस्थापित करना शुरू कर दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई ने शुक्रवार को आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह खबर दी। देश में शुक्रवार को 24 घंटे के अंदर कोरोना के 16,746 नए मरीज सामने आए। वहीं ओमिक्रोन संक्रमितों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। संक्रमितों की संख्या 1270 हो गई है। मुंबई में शाम पांच बजे के बाद सार्वजनिक स्थानों पर जाने पर पाबंदी लगाई गई है तो बेंगलुरू में शाम छह बजे के बाद प्रमुख सड़कों को बंद रखने का फैसला किया गया है। मिजोरम में भी कोरोना के मामलों में वृद्धि हो रही है। यहां पर संक्रमण दर 9.69 फीसदी पर पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 243 नए मामले सामने आए, जिसके बाद कुल सक्रिय संक्रमित 1658 हो गए। अमरीका में ओमिक्रोन से संक्रमित बच्चों के मामलों ने डरा दिया है। संक्रमित बच्चों के अस्पताल में भर्ती होने की संख्या ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।अमरीकन एकेडेमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अनुसार  23 दिसंबर को लगभग एक लाख 99 हजार बच्चों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद 28 दिसंबर को एक सप्ताह में औसतन 378 बच्चे अस्पताल में भर्ती हुए, जो पिछले सप्ताह के मुकाबले 66.1 फीसदी ज्यादा थे। ऑस्ट्रेलिया में ओमिक्रोन की वजह से एक बार फिर संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। यहां कुछ दिन पहले 24 घंटे में आने वाले मामलों की संख्या पहली बार 10 हजार के पार गई थी।