नई दिल्ली : दिल्ली में कोरोना के मामले पिछले 24 घंटे में लगभग दोगुने बढ़ गए हैं। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 923 मामले सामने आए हैं। राजधानी में कोरोना की पॉजिटिविटी रेट 1 परसेंट को पार कर गई। राजधानी में पिछले 24 घंटे में 71696 टेस्ट किए गए। राजधानी में अब कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 200 हो गई है। वहीं, 55 लोग ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। सीएम केजरीवाल ने डीडीएम की बैठक के बाद कहा कि दिल्ली में अभी येलो अलर्ट ही रहेगा जारी। सीएम ने कहा कि दिल्ली में हालात अभी काबू में हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी के अस्पतालों में बड़ी संख्या में बेड़ खाली हैं। येलो अलर्ट के तहत जारी गाइडलाइंस का कड़ाई से जमीनी स्तर पर पालन सुनिश्चित किया जाएगा। दिल्ली में डेल्टा वेरिएंट पर अब ओमिक्रोन भारी पड़ रहा है। राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामलों में 21 दिसंबर से 28 दिसंबर तक के जीनोम सिक्वेसिंग में सामने आया कि कुल सैंपल में से ओमिक्रोन वेरिएंट के केस 38 परसेंट हैं। कुल 468 पॉजिटिव केस में से डेल्टा वेरिएंट के 31 परसेंट केस थे। वहीं, कुल पॉजिटिव केस में से 30 परसेंट केस अन्य वेरिएंट के थे। येलो अलर्ट के तहत नाइट कर्फ्यू लगाना, स्कूलों तथा कॉलेजों को बंद करना, गैर आवश्यक सामान की दुकानों को ऑड-ईवन के आधार पर खोलना तथा मेट्रो ट्रेन और सार्वजनिक परिवहन की बसों में यात्रियों के बैठने की क्षमता आधी करने जैसे उपाय लागू किए गए हैं। ओमिक्रोन के अब तक सामने आए मामले मामले 21 राज्यों तथा केन्द्र शासित प्रदेशों में सामने आए। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि दिल्ली में ‘ओमिक्रोन’ स्वरूप के सबसे अधिक 238 मामले, महाराष्ट्र में 167, गुजरात में 73, केरल में 65 और तेलंगाना में 62 मामले सामने आए हैं। देश में एक दिन में कोविड-19 के 9,195 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,48,08,886 हो गई है। वहीं, एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 77,002 हो गई है। 302 और संक्रमितों की मौत के बाद कोरोना से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,80,592 हो गई है। आंकड़ों के अनुसार, देश में लगातार 62 दिन से कोविड-19 के दैनिक मामले 15 हजार से कम हैं।
दिल्ली में कोरोना विस्फोट 24 घंटे में डबल हुए नए केस