गुवाहाटी : बराक घाटी के सिलचर में जल्द ही एक अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा होगा और इस परियोजना से संबंधित औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा जल्द ही बराक घाटी की अपनी यात्रा के दौरान परियोजना के बारे में घोषणा करेंगे। सिलचर के सांसद राजदीप रॉय ने मीडिया को बताया कि सिलचर में अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के निर्माण को केंद्र पहले ही अपनी मंजूरी दे चुका है। उन्होंने यह भी कहा  कि इस प्रोजेक्ट को लेकर कई औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। साइट चयन से संबंधित मुद्दे भी जल्द ही हल किया जाएगा। उक्त हवाई अड्डा 870 एकड़ में फैले क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सिलचर से 29 किमी दूर कुंभीरग्राम में बराक घाटी का घरेलू हवाई अड्डा है। गुवाहाटी,अगरतला और इंफाल के बाद यह पूर्वोत्तर का चौथा सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है।