नई दिल्ली/गुवाहाटी : देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या में एक बार फिर बढ़ोतरी हो रही है। नए ओमिक्रोन वैरिएंट ने चिंता को और बढ़ा दिया है। वृहस्पतिवार को 4 राज्यों में ओमिक्रोन के 64 नए केस सामने आए। इसमें से तमिलनाडु में 33, तेलंगाना में 14, कर्नाटक में 12 और केरल में 5 मामले सामने आए हैं। इसके बाद देशभर में नए वैरिएंट से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 325 हो गई है। ओमिक्रोन के सबसे ज्यादा 65 मामले महाराष्ट्र में सामने आ चुके हैं। 64 मामलों के साथ दिल्ली दूसरे और 38 केस के साथ तेलंगाना तीसरे नंबर पर है। तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम सुब्रमण्यम ने बताया कि नए ओमिक्रोन मरीजों में से 26 चेन्नई, 1 सलेम, 4 मदुरै और 2 तिरुवनमलाई में मिले हैं। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। कुछ लोगों की जीनोम सीम्ेंसिंग के नतीजे आने बाकी हैं। रिजल्ट आने के बाद संख्या बढ़ भी सकती है। कोरोना से सबसे ज्यादा चिंताजनक हालात महाराष्ट्र में नजर आ रहे हैं। टीओआई की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में 35 दिन बाद 24 घंटे में 1000 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं। गुरुवार को महाराष्ट्र में 1,201 केस आए। इससे पहले राज्य में 17 नवंबर को 1003 मामले आए थे। वहीं, मुंबई में 68 दिन बाद कोरोना के 480 नए मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में इस वक्त 7,093 एक्टिव केस हैं। पश्चिम बंगाल के एक स्कूल में गुरुवार को 29 बच्चों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्कूल के बाकी छात्रों और टीचर्स की भी कोरोना जांच कराई जा रही है। संक्रमितों की संख्या बढ़ भी सकती है। कोरोना ब्लास्ट नदिया जिले के कल्याणी इलाके में नवोदय केंद्रीय विद्यालय में हुआ है। संक्रमित बच्चों को क्वारेंटाइन कर दिया गया है। डॉक्टर्स की टीम की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। दूसरी ओर आज असम विधानसभा में शून्य काल के दौरान हाजो की विधायक सुमन हरिप्रिया की ओर से ओमिक्रोन के संभावित खतरे को लेकर उठाए गए सवाल के जवाब में स्वास्थ्य मंत्री केशव महंत ने कहा कि फिलहाल असम में ओमिक्रोन का एक भी मरीज नहीं है, परंतु राज्य सरकार इसको लेकर गंभीर है। उन्होंने कहा कि ओमिक्रोन को लेकर केंद्र सरकार का जो भी दिशा-निर्देश आ रहा है, हम उसके अनुकूल कार्य कर रहे हैं और इस खतरे से निपटने के लिए असम सरकार पूरी तरह से तैयार है।