पूर्वांचल प्रहरी क्राइम रिपोर्टर

गुवाहाटीः असम क्रिकेट संघ (एसीए) के 50 करोड़ की जालसाजी के आरोप में गत कल बुधवार रात को संघ के पूर्व सचिव प्रदीप बूढ़ागोहाई को गिरफ्तार किया गया। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2016-19 तक एसीए के सचिव के तौर पर नियुक्त बूढ़ागोहाईं पर निविदा दाखिल किए बिना करीब 50 करोड़ की रकम अपने निजी कार्यो में उपयोग करने का आरोप है। अपने पुत्र की कई विदेश यात्रा, विमान व होटल का खर्च एसीए के धन से प्रदान करने का भी आरोप है, जिसकी सूचना प्राप्त करने के तुरंत बाद एसीए ने नगर के फटाशील आमबाड़ी थाने में एक 817/2021 पंजीकृृत एक मामला दर्ज  कराया था। इसी मामले के आधार पर गत कल बुधवार रात को बूढ़ागोहाई को डिब्रुगड़ जिले में स्थित उनके आवास से उन्हे गिरफ्तार कर आज वृहस्पतिवार को गुवाहाटी लाया गया। बूढ़गोहाई के खिलाफ भारतीय दंड विधि (आईपीसी) 120बी/406/409/420/469/34 के तहत मामला दर्ज हुआ है। इस संदर्भ में एसीए के सचिव देवजीत  सैकिया ने बताया कि  वर्ष 2016 में गठित एसीए  की नई कमेटी के बाद से विभिन्न प्रकार के भ्रष्टाचार हो रहे थे, परंतु उस समय कई बाधाओं के चलते इसके खिलाफ विरोध जताना संभव नहीं था। इसी के बाद हमने 12 जुलाई 2016-12 जुलाई 2019 तक के सभी हिसाबों की जानकारी ली गई, जिसमें पूर्व सचिव बूढ़ागोहाई ने करीब 50 करोड़ के घपले का प्रमाण मिला है, जिसके बाद हमने कानूनी सहायता लेने का निश्चय किया। गुप्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बुढ़ागोहाई ने अपने कार्यकाल के दौरान वर्षापाड़ा क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण के काम-काज में जालसाजी का आरोप है। इसके अलावा स्टेडियम के निर्माण की निविदा अपने पसंद के ठेकेदारों को सौंपने का बूढ़ागोहाई पर आरोप है, जिससे वे अपनी मोटी रकम का कमीशन रखते थे। फिलहाल इस मामले पर पुलिस सभी प्रकार के कागजी दस्तावेजों को परखने में लगी है व आगे की कार्रवाई कर रही है।