पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता
कोकराझाड़ : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने सोमवार को कोकराझाड़ के एक कार्यक्रम में भाग लेकर मीडिया के समक्ष रंजन दैमारी को जल्दी मुक्त कर देने का संकेत दिया है। उल्लेखनीय है कि असम सरकार के गृह विभाग तथा असम पुलिस के विशेष शाखा के पहल में एनडीएफबी के 1,669 पूर्व कैडरों को चार लाख रुपए के फिक्सड डिपोजिट चेक वितरण कार्यक्रम में भाग लेकर मुख्यमंत्री ने उक्त मंतव्य किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोई मामला अदालत में चलता रहता है तब सरकार का भी कुछ करणीय होता है। हम चाहते हैं कि रंजन दैमारी जेल से निकल आए। उसे जेल से निकालने के लिए हमको अदालत में जो कहना था कह दिया। अब अदालत को ही फैसला लेना है। अदालत के फैसले पर हम कुछ नहीं कर सकते। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि एनडीएफबी कैडरों पर जो मामले चल रहे थे उन्हें रद्द कर दिया गया है। जल्दी ही केएलओ तथा अल्फा से शांति वार्ता शुरू की जाएगी। एनडीएफबी कैडरों को पुनर्वास के लिए अनुदान देकर बोड़ो शांति समझौते का एक भाग का कार्यान्वयन किया गया।