दूध को सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। दूध में लगभग सभी पोषक तत्व पाए जाते हैं। डॉक्टर भी कैल्शियम के लिए दूध पीने की सलाह देते हैं। हमारे घरों में रात को सोने से पहले दूध पीने की परंपरा सालों से चलती आ रही है। लेकिन, क्या आप जानते हैं कि अगर इसे गलत तरीके से पिया जाए, तो यह प्रोटीन और कैल्शियम देने के बजाय नुकसान पहुंचा सकता है। कई लोग बिना सोचे-समझे दूध का सेवन करते हैं, जिससे पाचन संबंधी समस्याएं, एलर्जी और अन्य स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं।
आइए जानते हैं दूध पीने के 4 गलत तरीके, जो आपकी सेहत पर बुरा असर डाल सकते हैं।
1. खाली पेट दूध पीना : सुबह खाली पेट दूध पीना कई लोगों की आदत होती है, लेकिन यह एसिडिटी और अपच का कारण बन सकता है। दूध में लैक्टोज होता है, जिसे पचाने के लिए शरीर को लैक्टेज एंजाइम की जरूरत होती है। कुछ लोगों में यह एंजाइम कम होता है, जिससे गैस, पेट दर्द और ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है।
2. रात में ठंडा दूध पीना : रात में ठंडा दूध पीने से कफ और सर्दी-जुकाम की समस्या बढ़ सकती है। आयुर्वेद के अनुसार, दूध की तासीर ठंडी होती है और इसे रात में पीने से गले में खराश, साइनस और बलगम की समस्या हो सकती है। अगर आपको रात में दूध पीना है, तो गुनगुना दूध पीना बेहतर रहेगा।
3. बहुत ज्यादा दूध पीना : कुछ लोग सोचते हैं कि ज्यादा दूध पीने से शरीर को ज्यादा कैल्शियम और प्रोटीन मिलेगा, लेकिन बहुत ज्यादा सेवन से कोलेस्ट्रॉल बढ़ सकता है, हार्ट हेल्थ प्रभावित हो सकती है और यूरिनरी ट्रैक्ट पर दबाव पड़ सकता है। ज्यादा दूध पीने से बार-बार पेशाब आने की समस्या भी हो सकती है, जिससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है।
4. गलत चीजों के साथ दूध पीना : दूध के साथ कुछ चीजें खाने से पाचन तंत्र पर बुरा असर पड़ सकता है। उदाहरण के लिए- खट्टे फल (नींबू, संतरा) दूध के साथ लेने से एसिडिटी और अपच हो सकती है। दूध के साथ नमक खाने से पाचन संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। दूध और मछली एक साथ खाने से एलर्जी और स्किन प्रॉब्लम्स हो सकती हैं। दूध सेहत के लिए फायदेमंद है, लेकिन इसे सही समय और सही तरीके से पीना जरूरी है। खाली पेट, ठंडा दूध, ज्यादा मात्रा में या गलत चीजों के साथ दूध पीने से पाचन, हार्ट हेल्थ और इम्यून सिस्टम पर बुरा असर पड़ सकता है।