भारतीय रेल की साइक्लिंग (पुरुष और महिला) टीम ने 25 से 28 नवंबर, 2021 तक कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में आयोजित 26वें सीनियर नेशनल रोड साइक्लिंग चैंपियनशिप में भाग लिया। भारतीय रेल राष्ट्रीय चैंपियनशिप के महिला वर्ग में चैंपियन और पुरुष वर्ग में उपविजेता बनी। पूसी रेल के तीन महिला साइक्लिस्टों ने महिला वर्ग के विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी चमक बिखेरी और भारतीय रेल के लिए चार स्वर्ण पदक और एक रजत पदक जीतकर ख्याति दिलाई। पूसी रेल की महिला साइक्लिस्ट सोनाली चानू ने तीन स्वर्ण पदक जीते, मतौलेबी देवी ने एक स्वर्ण पदक और मनोरमा देवी ने भारतीय रेल के लिए एक रजत पदक जीता। पूसी रेल की सोनाली चानू ने टीम टाइम ट्रायल, इंडिविजुवल मास स्टार्ट और इंडिविजुवल क्रेटेरियम रेस स्पर्धाओं में तीन स्वर्ण पदक जीतकर बेस्ट वुमेन साइक्लिस्ट ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब हासिल किया। मनोरमा देवी ने क्रेटेरियम रेस में रजत और मतौलेबी देवी ने टीम टाइम ट्रायल इवेंट में स्वर्ण पदक जीता।