पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : उत्तर भारत समेत देश के कई राज्यों में शुरू हुआ ग्रीष्म प्रवाह अब असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भी शुरू होता दिख रहा है। असम में गर्मी का मौसम आमतौर पर बहाग के महीने में शुरू होते है। हालांकि, चैत महीने के बीच में अचानक गर्मी बढ़ जाने से उत्तर भारत की तरह ग्रीष्म प्रवाह की शुरुआत होने की आशंका की गई है। असम में लंबे समय से बारिश न होने के कारण शुक्रवार को औसत तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया। इसलिए लोगों को मई जैसी गर्मी का अहसास हो रहा है। बरझार स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने शुक्रवार को कहा कि मार्च महीने में असम के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। हालांकि, पिछले कई दिनों से बारिश नहीं होने के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान असामान्य रूप से बढ़ गया है। चिंता की बात यह है कि अधिकांश क्षेत्रों में तापमान  सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस अधिक है। कई लोग तो इस बात को लेकर भी चिंतित हैं कि मई, जून, जुलाई और अगस्त जैसे सबसे गर्मी के महीनों में स्थिति क्या हो सकती है। कई लोगों को डर है कि असम में भी उत्तर भारत जैसी भीषण गर्मी पड़ सकती है। शुक्रवार को होजाई जिले के लामडिंग में राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहां अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री अधिक 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उसके बाद गुवाहाटी महानगर में दोपहर में तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक बढ़ कर 34.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। धुबड़ी में तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक बढ़ कर  34.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। कुछ स्थानों पर रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शुक्रवार को राज्य के कई शहरों में अधिकतम तापमान डिब्रूगढ़ में 25.6 डिग्री सेल्सियस, तेजपुर में 31.5 डिग्री सेल्सियस, जोरहाट में 29.9 डिग्री सेल्सियस और उत्तर लखीमपुर में 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूर्वोत्तर का स्कॉटलैंड कहा जाने वाले शिलांग में शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस हुआ। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों के अनुसार असम की हवा में जलवाष्प की मात्रा बहुत अधिक है, इसलिए जब यहां का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस होता है, तब उत्तर भारत के राज्यों की तरह 45-47 डिग्री सेल्सियस का अहसास होता है।