प्रयागराज : महाकुंभ 2025 का शुभारंभ हो गया है। कुंभ मेले के भव्यता की चर्चा न सिर्फ भारत में बल्कि पूरी दुनिया में हो रही है। इस आयोजन में देशभर से तो लोग आ ही रहे हैं, साथ ही सात समंदर पार के लोग भी संगम नगरी में पधार रहे हैं। इसी बीच प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ  को लेकर एक्स पर जानकारी साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने बताया है कि इस महाकुंभ में 7 करोड़ से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है।  सीएम ने कहा कि आज 30 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सौभाग्य प्राप्त किया और पवित्र जल में पावन स्नान का पुण्य लाभ लिया। उन्होंने 10 लाख कल्पवासियों और 20 लाख श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया और कहा कि मां गंगा सभी के मनोरथ पूर्ण करें। बता दें कि महाकुंभ 2025 को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह है। यही कारण है कि पहले दिन की 1.50 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में डुबकी लगाई थी। यहीं नहीं दूसरे दिन यानी मकर संक्रांति के अवसर पर भी 3.50 करोड़ से ज्यादा लोगों ने संगम में स्नान किया था। वहीं दूसरी तरफ महाकुंभ में पहुंचे 10 देशों के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने बृहस्पतिवार को संगम में डुबकी लगाई और विभिन्न अखाड़ों का दौरा किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि प्रतिनिधियों ने इस दौरान न केवल महाकुंभ के धार्मिक महत्व को समझा, बल्कि भारतीय संस्कृति के अद्भुत पहलुओं का भी अनुभव किया। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधियों ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के बाद समूचे मेला क्षेत्र का दौरा किया।