गुवाहाटी : असम साहित्य सभा के अगले अध्यक्ष के रूप में साहित्यकार डॉ. वसंत कुमार गोस्वामी चुने गए हैं। उल्लेखनीय है कि असम साहित्य सभा के पदाधिकारियों के चुनाव के लिए वोटों की गिनती आज सुबह शुरू हुई। वोटों की गिनती के बाद आज घोषित नतीजे के तहत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव पद पर क्रमश: डॉ. वसंत कुमार गोस्वामी, पदुम राजखोवा और देवजीत बोरा की जीत हुई है। मालूम हो कि साहित्य सभा के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और महासचिव के लिए मतदान प्रक्रिया 4 दिसंबर में शुरू हुई थी। चुनाव समिति ने अध्यक्ष पद के लिए डॉ. गोविंद प्रसाद शर्मा, डॉ. भीमकांत बरुवा, डॉ. उपेन राभा हाकाचाम, डॉ. वसंत कुमार गोस्वामी और अनुराधा शर्मा पुजारी के नामों की घोषणा की थी। बाद में डॉ. भीमकांत बरुवा, डॉ. गोविंद प्रसाद शर्मा और अनुराधा शर्मा पुजारी ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसलिए यह तय हो गया था कि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव डॉ. उपेन राभा हाकाचाम और डॉ. वसंत कुमार गोस्वामी के बीच हुआ और चुनाव में डॉ. गोस्वामी की जीत हुई। सभा के 2025-27 कार्यकाल के लिए असम साहित्य सभा के उपाध्यक्ष पद के लिए पदुम राजखोवा चुने गए हैं। उल्लेखनीय है कि सभा के उपाध्यक्ष पद के लिए 5 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल किया। इनमें अजय सिंह और नरहरि चुटिया का नामांकन रद्द हो गया था। डॉ. बिपिन चंद्र कलिता, शहिर भुइयां और पदुम राजखोवा के नामांकन को वैध माना गया था।
असम साहित्य सभा के नए अध्यक्ष बने डॉ. वसंत कुमार गोस्वामी