पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य के अन्य हिस्सों के साथ ही सोमवार को भी माजुली जिले में भी हाई स्कूल शिक्षांत परीक्षा में 75 प्रतिशत या अधिक नंबर प्राप्त करने वाले छात्रों को आनंदराम बरुवा पुरस्कार, प्रज्ञान भारती योजना के डॉ. वाणीकांत काकती मेरिट अवार्ड के तहत स्कूटी और नौवीं कक्षा में पढ़ रहे छात्रों को साइकिलों का आधिकारिक वितरण किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षा, उच्च शिक्षा और उपनगरीय जनजातीय विकास मंत्री डॉ. रनोज पेगु उपस्थित थे। उनके साथ स्थानीय विधायक भुबन गाम, जिला आयुक्त रातुल चंद्र पाठक और माजुली कॉलेज के प्राचार्य डॉ. देवजीत सैकिया, अतिरिक्त आयुक्त, सहायक आयुक्त, पुरस्कार विजेता छात्र, स्कूलों के प्राचार्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने अपने भाषण में कहा कि अगले वर्ष से केवल 80 प्रतिशत नंबर हासिल करने वाले छात्रों को ही डॉ. वाणीकांत काकती मेरिट पुरस्कार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हाई स्कूल में एक नए गणित शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी। इसी प्रकार, 2025 में प्रत्येक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में डिजिटल क्लासरूम स्थापित किए जाएंगे। गौरतलब है कि इस वर्ष माजुली जिले में कुल 151 छात्रों को आनंदराम बरुवा पुरस्कार और 293 छात्रों को डॉ. वाणीकांत काकती मेरिट पुरस्कार प्राप्त हुए। इसी प्रकार, जिले के 73 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9वीं में अध्ययनरत 2,686 विद्यार्थियों को नि:शुल्क साइकिलें प्राप्त हुईं।
2025 से 80 प्रति. अंक पाने वाले छात्रों को ही मिलेगी स्कूटी : पेगु