पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : पूर्व मंत्री संजय किसान ने शनिवार को दिसपुर के जनता भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष से विदा ली। जनता भवन से निकलते वक्त संजय किशन काफी भावुक थे। उन्होंने अपने सरकारी कार्यालय कक्ष में टंगी हुई नेमप्लेट की ओर कई बार हाथ जोड़कर प्रणाम किया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने शनिवार को संजय किसान को असम खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम का अध्यक्ष नियुक्त किया। इससे पहले राजेन गोहाई इस पद पर थे। मुख्यमंत्री ने संजय किसान को उनकी नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि मैं राज्य के लोगों के प्रति आपकी ईमानदारी और समर्पित सेवा के लिए आपको धन्यवाद देना चाहता हूं। एक मंत्री के रूप में आपके कार्यकाल में कई उपयोगी क्षण आए थे। हम आपको शुभकामनाएं देते हैं और असम खाद्य और नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष के रूप में आपकी नई भूमिका के लिए बधाई देते हैं। इस दौरान संजय किसान ने कहा कि वे आज मुख्यमंत्री के साथ एक ही फ्लाइट से दिल्ली से लौटे। उन्होंने कहा कि मैंने आज नई दिल्ली से गुवाहाटी की उड़ान के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा के साथ कुछ प्रेरणादायक क्षण के भागीदार बने। पिछले वर्षों में असम सरकार के एक मंत्री के रूप में मुझे लोगों की सेवा करने के अपने ईमानदार प्रयासों में मुख्यमंत्री की सलाह से प्रेरणा मिली है। इसके लिए मैं उन्हें तहेदिल से धन्यवाद देता हूं। हम उनके मजबूत नेतृत्व में एक विकसित और समृद्ध असम के निर्माण और तिनसुकिया विधानसभा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण की अजेय यात्रा में समर्पण के साथ सेवा करना जारी रखेंगे। इस दौरान शनिवार को जोरहाट लोकसभा उपचुनाव में पराजित नेता तपन कुमार गोगोई को कैबिनेट दर्जे के साथ असम औद्योगिक विकास डिब्रूगढ़ के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया। यह पद पहले प्रशांत फुकन के पास था। तपन गोगोई ने यह नई जिम्मेदारी सौंपने के लिए मुख्यमंत्री और उद्योग मंत्री विमल बोरा को धन्यवाद दिया। उन्होंने इस जिम्मेदारी को निष्ठापूर्वक निभाने की प्रतिबद्धता जताई।
संजय किसान बने असम खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष