पिूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटीः मुख्यमंत्री डा.हिमंत विश्वशर्मा ने दिल्ली स्थित असम हाउस में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद घोषणा करते हुए कहा कि आगामी सात दिसंबर को असम मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और भाजपा के शीर्ष नेताओं को मंत्रिमंडल में शामिल करने वाले विधायकों के नाम की सूची दे दी है। अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ही फैसले करेगा कि मंत्रिमंडल में कितने और किन लोगों को शामिल करना है। मुख्यमंत्री डा.शर्मा ने कहा कि मैं कल महाराष्ट्र में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में जा रहा हूं, जहां पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात होगी और उसी दौरान नए मंत्री के नामों का खुलासा किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि बराक वैली से एक मंत्री को शामिल किए जाने की संभावना है। हालांकि मंत्रिमंडल में कितने लोगों को शामिल किया जाएगा, इस पर अंतिम फैसला केंद्री नेतृत्व ही करेगा। उन्होंने एक सवाल का उत्तर देते हुए कहा कि इस दौरान असम में पार्टी कां सांगठनिक पर्व चल रहा है। निकट भविष्य में पता चलेगा कि प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का अगला अध्यक्ष भवेश कलिता होगा या कोई और होगा।
सात दिसंबर को होगा असम मंत्रिमंडल का विस्तार : मुख्यमंत्री