पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले साल गुवाहाटी में होने वाले असम निवेश और बुनियादी ढांचा शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह आयोजन 24-25 फरवरी को होने वाले सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री आदिवासी लोक नृत्य झुमुर की भव्य प्रदर्शनी का भी आनंद लेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को संसद भवन स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में पीएम मोदी से मुलाकात करने के बाद एक्स के माध्यम से इसकी घोषणा की। यह उल्लेखनीय है कि तीन दिवसीय यात्रा पर रविवार रात दिल्ली पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सोमवार दोपहर प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और उनसे सम्मेलन में भाग लेने का औपचारिक अनुरोध किया। मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने अपने एक्स पेज पर इसकी घोषणा करते हुए कहा कि मुझे आज नई दिल्ली में राज्य के विभिन्न विकास मुद्दों पर माननीय प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से सलाह प्राप्त करने का सौभाग्य मिला। असम के लोगों की ओर से मैं उन्हें फरवरी 2025 में असम निवेश और बुनियादी ढांचा सम्मेलन और मेगा झुमुर प्रदर्शनी में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया और उन्होंने इस निमंत्रण को स्वीकार किया। दिल्ली दौरे पर आए मुख्यमंत्री डॉ. शर्मा ने सोमवार को केंद्रीय जल संसाधन मंत्री सीआर पाटिल से भी मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने एक्स हैंडल में कहा कि उन्होंने पाटिल के साथ केंद्र सरकार के जल जीवन मिशन पर चर्चा की। सीएम ने कहा कि असम सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर जल अभियान को साकार करने के लिए पूरे जोर-शोर से काम कर रही है। अब तक लक्ष्य का 80 प्रतिशत नल जल कनेक्शन उपलब्ध करा दिया गया है। लक्ष्य तक कितनी जल्दी पहुंचा जा सकता है इसी विषय पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री से चर्चा की।