पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : अब से केवल नियमित पदों पर ही भर्ती की जाएगी। अगले साल मई में फिर से 9,000 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। हर विद्यालय में टीईटी पास शिक्षक अनिवार्य होगा। बुधवार को दिसपुर के जनता भवन में स्कूलों को मुख्यमंत्री विशेष योजना के तहत गरीबी रेखा से नीचे के छात्रों की प्रवेश शुल्क माफी राशि के वितरण समारोह में शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने यह घोषणा की। यहां उल्लेखनीय है कि 2024 में ग्यारहवीं और बारहवीं कक्षा में कुल 2,50,899 छात्रों के लिए सरकारी और प्रादेशीकृृत 1,145 उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों को इस योजना के तहत डीबीटी के माध्यम से 18 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल शिक्षा मंत्री डॉ. रनोज पेगु ने कहा कि कोई भी सरकारी या प्रादेशीकृृत स्कूल छात्रों के नामांकन के लिए शुल्क नहीं ले सकेगा। किसी भी सरकारी स्कूल के शिक्षक को ट्यूशन पढ़ाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मंत्री ने कहा कि अगले साल तक हर स्कूल में स्मार्ट क्लासरूम का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य है। इससे छात्र तकनीक की मदद से सीख सकेंगे। मंत्री ने यह भी कहा कि जल्द ही शिक्षकों की सुविधा के लिए कक्षा एक से बारहवीं तक की सभी कक्षाओं के पाठ यूट्यूब के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि छात्र या शिक्षक हर समय एक बटन दबाकर किसी भी विषय का पाठ ले सकें। इस कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव नारायण कोंवर, माध्यमिक शिक्षा विभाग की निदेशक ममता होजाई, विभागीय अधिकारी और विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और प्राचार्य उपस्थित थे।