दुबईःभारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या बुधवार को एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की टी-20 ऑलराउंडर की रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए जबकि उभरते हुए स्टार खिलाड़ी और टीम के उनके साथी तिलक वर्मा भी 69 स्थान की लंबी छलांग के साथ बल्लेबाजी रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं। हार्दिक ने हाल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की टी-20 शृंखला के दौरान गेंद और बल्ले दोनों से शानदार प्रदर्शन की बदौलत इंग्लैंड के लियाम लिविंगस्टोन और नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी को पीछे छोड़ा। हार्दिक ने चार मैच की शृंखला के दूसरे मैच में नाबाद 39 रन की पारी खेली जबकि चौथे और अंतिम मुकाबले में आठ रन देकर एक विकेट चटकाया जिससे भारत को 3-1 से शृंखला जीतने में मदद मिली। हार्दिक दूसरी बार टी-20 अंतर्राष्ट्रीय ऑलराउंडर की सूची में नंबर एक बने हैं। वह इस साल आईसीसी पुरुष टी-20 विश्व कप के बाद पहली बार शीर्ष पर पहुंचे थे। पांड्या आईसीसी रैंकिंग में छलांग लगाने वाले एकमात्र भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं। शृंखला के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहे वर्मा ने दो शतक की मदद से 280 रन बनाकर बल्लेबाजी रैंकिंग में 69 स्थान की लंबी छलांग लगाई है।
टी-20 अंतर्राष्ट्रीय ऑलराउंडरों की सूची में फिर शीर्ष पर हार्दिक पांड्या