जम्मू: कश्मीर के कुलगाम जिले में दो मुठभेड़ में पांच आतंकियों को मार गिराया गया। मारे गए आतंकियों में एक टीआरएफ का कमांडर भी शामिल है। दोनों जगहों पर ऑपरेशन अभी चल रहा है। पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि उसके बाद ही बाकी बातों का पता चलेगा। जानकारी के अनुसार बुधवार को सुरक्षाबलों को सूचना मिली कि गोपालपोरा इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया। आतंकियों को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन आतंकियों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद इस तरफ से जवाब दिया गया। काफी देर तक दोनों तरफ से फायरिंग हुई। जिसमें दो आतंकी मारे गए। मारे गए आतंकियों में टीआरएफ का कमांडर सिकिन्द्र भी शामिल है। वहीं, इस मुठभेड़ के कुछ देर बाद ही इसी जिले के पोंबे इलाके में भी आतंकियों के साथ सुरक्षाबलों की मुठभेड़ शुरू हो गई। इस इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना थी। उसके बाद दोनों तरफ से मुठभेड़ शुरू हो गई। इसमें तीन आतंकी मारे गए। अभी चार आतंकियों की पहचान नहीं हो पाई है। बताया गया है कि आतंकियों के पास से काफी मात्रा में सामान हथियार मिला है।
कश्मीर:मुठभेड़ों में पांच आतंकी ढेर