पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता डिब्रूगढ़ : ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले की आरोपी अभिनेत्री और कोरियोग्राफर सुमी बोरा के महंगी ड्रेस फिर से चर्चा में है। अपने पति तपन बोरा उर्फ तार्किक के साथ डिब्रूगढ़ सेंट्रल जेल में बंद सुमी की ओर से अपनी शादी में डेस्टिनेशन वेडिंग पर पहनी गई पोशाक की कीमत सुनकर आश्चर्यचकित रह जाएंगे। सीआईडी ने यह सुमी की खास ड्रेस जब्त कर ली है। सीआईडी की ओर से राजस्थान के उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग में पहनी गई पोशाक को जब्त कर लिया गया और आज डिब्रूगढ़ अदालत में पेश किया गया। सुमी बोरा ने उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग पर 42 लाख रुपए की ड्रेस पहनी थी। इस कीमती ड्रेस के साथ सीआइडी ने और दो जोड़ी कीमती कपड़े जब्त कर चुकी है। गौरतलब है कि डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए खास तौर पर सुमी की ड्रेस की खास तौर पर डिजाइन की गई थी। इस बीच, सीआईडी ऑनलाइन ट्रेडिंग घोटाले के मास्टरमाइंड विशाल फुकन से पुलिस हिरासत में तीसरे दिन भी मैराथन पूछताछ कर रही है। सीआइडी ने मैराथन पूछताछ में कई विस्फोटक तथ्य उजागर किए हैं। सीआईडी ने विशाल के कबूलनामे के आधार पर चरण दर चरण सुमी और विशाल की विलासिता की वस्तुओं को जब्त कर लिया है। इस बीच, विशाल फुकन की न्यायिक हिरासत कल समाप्त हो रही है। डिब्रूगढ़ जिला सत्र और न्यायिक अदालत के समक्ष पेश किए जाने के बाद फिर से विशाल को जेल भेज दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 2,200 करोड़ रुपए के ट्रेडिंग घोटाले में कई अन्य लोगों के फंसने की संभावना है। मालूम हो कि डिब्रूगढ़ के गांधीनगर के प्रबांजलि अपार्टमेंट से विशाल को को 2 सितंबर को हिरासत में लिया गया था और 3 सितंबर को डिब्रूगढ़ अदालत में पेश किया गया। विशाल को उसी दिन तीन दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया और 6 सितंबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। एसटीएफ ने 12 सितंबर को सुमी-तार्किक को गिरफ्तार किया था। साथ ही तार्किक के भाई अम्लान बोरा को गुवाहाटी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने 14 सितंबर को गिरफ्तार किया और डिब्रूगढ़ पुलिस को सौंप दिया।
सुमी के 42 लाख रुपए के वेडिंग ड्रेस अदालत में पेश