पूर्वांचल प्रहरी निज संवाददाता जोनाई : धेमाजी जिले के जोनाई महकमा के सिमेन छापरी थानांतर्गत पिछले 15 सितंबर रविवार को इंटरनेट सेवा बंद कर कड़ी सुरक्षा के बीच तृतीय श्रेणी पदों के लिए आयोजित एडीआरई परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक  होने के मामले में अब तक पुलिस ने आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस संदर्भ में सिमेन छापरी पीएस केस नंबर 37/24 असम पब्लिक एग्जामिनेशन एक्ट 24 की धारा 61(2)/316(4)/316(5)बीएनएस आरडब्ल्यू सेक्शन 10(2) के तहत मामले दर्ज किया गया है। सिमेन छापरी स्थित यूएन अकादमी स्कूल में आयोजित एडीआरई परीक्षा में वायरल हुए प्रश्नपत्र में कथित संलिप्तता के आरोप में पुलिस ने  फोटोग्राफर मंगलसिंह बसुमतारी, शिक्षक मनोहर नार्जरी और द्विजेन बोड़ो को  गिरफ्तार कर धेमाजी सदर पुलिस पूछताछ के लिए ले जाया गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अब तक मंगल सिंह बसुमतारी, मनोहर नार्जरी ,उमेश ब्रह्म ,दिलीप दैमारी , द्विजेन बोडो , बिमल मुसाहारी , गोपाल तमुली और एल्बर्ट देउरी को गिरफ्तार कर पूछताछ के लिए मंगलवार को जोनाई सदर थाना ले गई। एडीआरई प्रश्न पत्र वायरल के सिलसिले में धेमाजी पुलिस की ओर से  गिरफ्तार किए गए आठ (8) आरोपियों को जोनाई महकमा पुलिस अधिकारी और मामले के जांच अधिकारी प्राणजीत लहकर ने  जोनाई महकमा के न्यायिक अदालत में भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि रविवार को परीक्षा का प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। मोबाइल इंटरनेट सेवाओं में कटौती और एडीआरई परीक्षा के लिए मोबाइल फोन पर प्रतिबंध के बावजूद परीक्षा के प्रश्नपत्र का पीडीएफ वायरल हो गया यह रहस्य बना हुआ है। गौरतलब है कि सुरक्षा उपाय के तौर पर अभ्यर्थियों को प्रश्न पत्र घर ले जाने की अनुमति नहीं थी। इसके अलावा कड़े सुरक्षा उपायों के बावजूद परीक्षा से पहले मोबाइल फोन पर प्रश्नपत्र का फोटो लेकर और सोशल मीडिया पर वायरल कर देने की बात पर स्वाभाविक रूप से लोगों के मन में संदेह उत्पन्न हो रहा है।