पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्वशर्मा ने आज इसी महीने में तृतीय श्रेणी और चतुर्थ श्रेणी के लिए सीधी भर्ती परीक्षा के सुचारू संचालन पर चर्चा करने के लिए राज्य के जिला आयुक्तों और पुलिस अधीक्षकों के साथ एक बैठक की अध्यक्षता की। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिला आयुक्त को पारदर्शी और योग्यता आधारित भर्ती परीक्षा आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी करने का भी निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने जिला आयुक्तों को प्रत्येक परीक्षा केंद्र का निरीक्षण करने और केंद्रों पर उम्मीदवारों के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने उनसे परीक्षा हॉल पर पैनी नजर रखने को कहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई बेईमानी का सहारा न ले। उन्होंने पुलिस अधीक्षकों को परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा कड़ी करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय मीडिया से भी परीक्षा के बारे में जागरूकता फैलाने और सोशल मीडिया पर फैली किसी भी झूठी खबर पर कड़ी नजर रखने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. रवि कोटा, पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह, विशेष पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. केके द्विवेदी, असम सरकार के वरिष्ठ अधिकारी और जिला आयुक्त और पुलिस अधीक्षक उपस्थित थे।
तृतीय व चतुर्थ श्रेणी की भर्ती परीक्षा