पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : ऑनलाइन ट्रेडिंग धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार डिब्रूगढ़ के युवक विबशाल फुकन के साथ जुड़े सुमी बोरा और उनके पति तार्किक बोरा अभी तक फरार है। घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस संदिग्धों का पता नहीं लगा पाई है। सुमी बोरा और उनके पति तार्किक बोरा की गिरफ्तारी में पुलिस की भूमिका कोलेकर रहस्य बना हुआ है। व्यापक आरोप हैं कि शीर्ष पुलिस अधिकारी और मशहूर हस्तियां अभिनेत्री सुमी बोरा और उनके पति तार्किक बोरा को सुरक्षा दे रहे हैं। विवादित सुमी बोरा मामले पर पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने शनिवार को प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, कानूनी तौर पर सुमी बोरा को नोटिस जारी किया गया है। नोटिस के बाद भी नहीं आने पर सुमी बोरा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अगर उसके खिलाफ सबूत मिले तो कार्रवाई की जाएगी। भगोड़े आरोपी सुमी बोरा के बारे में पुलिस महानिदेशक जीपी सिंह ने गुवाहाटी में कहा, गिरफ्तार न होने पर भी भगोड़े आरोपी सुमी बोरा के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया जाएगा। अन्य भगोड़े आरोपियों के खिलाफ भी आरोपपत्र दाखिल किये जाएंगे। पुलिस ने अपनी तरफ से मामला दर्ज कर लिया है और अपनी जांच जारी रख रही है। डीजीपी ने आगे कहा कि किसी के कहने पर कार्रवाई नहीं की जा सकती। आरोपियों के बारे में तकनीकी जानकारी मिलते ही कार्रवाई की जाएगी। जीपी सिंह ने चेतावनी दी कि ट्रेडिंग की घटना में शामिल कोई भी व्यक्ति बच नहीं सकेगा। इस दौरान सुमी बोरा और तार्किक बोरा की तलाश में पुलिस का अभियान जारी है। डिब्रूगढ़ पुलिस ने वाणीपुर में सुमी के  पिता के घर पर दो बार सुमी की तलाश में अभियान चला चुके हैं। सुमी को डिब्रूगढ़ पुलिस ने सम्मन जारी किया था इसके साथ सुमी के भाई राजीव बोरा और भाभी जिंकी मिलि को भी डिब्रूगढ़ पुलिस ने सम्मन जारी किया था। हालांकि डिब्रूगढ़ पुलिस द्वारा सम्मन जारी करने के बावजूद सुमी के भाई और भाभी थाने में उपस्थित होने के बजाय अभी तक छुपे हुए हैं। गौरतलब है कि सुमी के भाई और भाभी पार्सलिया फार्मास्युटिकल प्राइवेट लिमिटेड नामक एक फार्मास्युटिकल कंपनी चलाते हैं, जिसमें विशाल ने निवेश किया था। सुमी, उसके पति तार्किक, भाई राजीव और भाभी जिंकी की गिरफ्तारी से विशाल द्वारा किए गए ट्रेडिंग घोटाले का खुलासा होने की संभावना है। पता चला है कि सुमी ने गौहाटी हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग कर आवेदन दाखिल किया है।