पूर्वांचल प्रहरी कार्यालय संवाददाता गुवाहाटी : असम के कछार जिले के लखीपुर इलाके सहित राजधानी शहर गुवाहाटी में रविवार तड़के भारी बारिश के कारण कई मुख्य सड़कें और आवासीय क्षेत्र जलमग्न हो गए, जिससे वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ा। उल्लेखनीय है कि लखीपुर में आज सुबह से इतनी बारिश हुई कि वहां की मुख्य सड़क सहित आवासीय इलाके पूरी तरह से जलमग्न हो गए। हालांकि भारी बारिश से किसी तरह के जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (आरएमसी) के अनुसार आज कछार जिले के लखीपुर में 13 सेमी. बारिश हुआ है, यह पूर्वोत्तर का सबसे अधिक बारिश होने वाला इलाके के रूप में दर्ज किया गया है, कछार जिले के अन्य क्षेत्र में भी सबसे अधिक 12 सेमी. बारिश होने की खबर है। लखीपुर के विधायक कौशिक राय ने पूर्वांचल प्रहरी को बताया कि काफी दिनों के बाद इस क्षेत्र में इतनी बारिश हुई है, लेकिन कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। उल्लेखनीय है कि लखीपुर के बाद सबसे अधिक बारिश होने वाला शहर गुवाहाटी रहा जहां बारिश के कारण गुवाहाटी के अधिकांश इलाके जलमग्न हो गए। गुवाहाटी की मुख्य जीएस रोड पर घंटों तक आवाजाही बाधित रहा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा.संजय ओनिल शॉ ने कहा कि असम सहित पूर्वोत्तर के कई राज्यों में अगले सात सितंबर तक आंधी-बिजली और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि बिगड़े मौसम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है तथा अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार लखीपुर 13 सेमी,कछार जिला 12,ग्लपाड़ा 6, कोकराझार 6, मानस एनएच जिंग जिला बरपेटा 5, पनबारी जिला चिरांग 5, गोसाईगांव जिला कोकराझार 5, तामुलपुर 5,बेकी रेलवे ब्रिज इलाके जिला बरपेटा 7,पश्चिम कार्बी आंगलोंग 7 और लुमडिंग जिला होजाई 9 सेमी. बारिश दर्ज की गई है।
लखीपुर और गुवाहाटी में भारी बारिश, कई इलाके जलमग्न