पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : राज्य में दक्षिण पश्चिम मानसूनी हवाओं के कारण कभी-कभार होने वाली बारिश से क्षेत्र के लोगों को अस्थायी रूप से गर्मी से राहत मिली थी। हालांकि, वर्षा में अपेक्षाकृत कमी के कारण राज्य में तापमान फिर से बढ़ गया है। शुक्रवार को गुवाहाटी का तापमान नॉर्थ ईस्ट में रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। शुक्रवार को गुवाहाटी का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.7 डिग्री सेल्सियस अधिक था। हालांकि तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन वायुमंडलीय आर्द्रता और जल वाष्प की मात्रा अधिक होने के कारण लोगों को 51 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। गुवाहाटी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्मी की लहर ने सामान्य जन जीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। कुछ जगहों पर स्कूलों में बच्चों के बेहोश होने की भी खबरें आ रही हैं। हालांकि, शाम को गुवाहाटी सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों में मध्यम बारिश के कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आई। शुक्रवार को राज्य के कई शहरों का अधिकतम तापमान इस प्रकार रहा, डिब्रूगढ़ में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस, तेजपुर में 37 डिग्री सेल्सियस, जोरहाट में 36.3 डिग्री सेल्सियस, उत्तरी लखीमपुर में 36.5 डिग्री सेल्सियस, सिलचर में 36.2 डिग्री सेल्सियस और धुबड़ी में 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी अवधि के दौरान पूर्वोत्तर के स्कॉटलैंड कहे जाने वाले शिलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस बढ़कर 27.9 डिग्री सेल्सियस हो गया।