गुवाहाटी : इंडिगो एयरलाइंस कंपनी आगामी 31 अगस्त से भुवनेश्वर-दुर्गापुर-गुवाहाटी तथा गुवाहाटी-दुर्गापुर-भुवनेश्वर के बीच विमान सेवा शुरु करने जा रही है। यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, बृहस्पतिवार तथा शनिवार को होगी। इसी तरह भुवनेश्वर-दुर्गापुर-बागडोगरा तथा बागडोगरा-दुर्गापुर-भुवनेश्वर के बीच आगामी 30 अगस्त से विमान सेवा शुरू होगी। यह विमान सेवा सप्ताह में चार दिन सोमवार, बुधवार, शुक्रवार तथा रविवार को उपलब्ध रहेगी।  आज गुवाहाटी में पूर्वांचल प्रहरी से विशेष बातचीत में दुर्गापुर एयरपोर्ट के विमान निदेशक कैलाश मंडल ने बताया कि इस विमान सेवा शुरू होने से पूर्वोत्तर क्षेत्र के लोगों को काफी सुविधा होगी। दुर्गापुर एयरपोर्ट से जैन धर्मांवलंवियों को अपने धार्मिक स्थल शिखरजी के पास जाना काफी आसान हो जाएगा। इसके अलावा दुर्गापुर से तारापीठ, मायापुर, शांतिनिकेतन तथा धनबाद तक जाना सहज हो जाएगा।  बैद्यनाथ धाम का रास्ता भी वहां से लगभग 3 घंटे का होगा। श्री मंडल ने शुक्रवार को  गुवाहाटी के विभिन्न संगठनों तथा ट्रैवेल एजेंटों के साथ बैठक कर अपने योजनाओं का खुलासा किया।