नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी हफ्ते युद्धग्रस्त यूक्रेन का दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि रूस के साथ जारी जंग के बीच यह पीएम मोदी की यूक्रेन की पहली यात्रा है। मोदी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ वार्ता करने के लिए 23 अगस्त को यूक्रेन की राजधानी की यात्रा करेंगे। पीएम ने करीब एक महीने पहले ही रूस का दौरा कर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की थी और उनसे कहा था कि यूक्रेन संकट का सैन्य समाधान संभव नहीं है। वहीं सूत्रों ने बताया कि भारत रूस और यूक्रेन के बीच सीधे तौर पर मध्यस्थता नहीं करेगा। हालांकि वह दोनों देशों के बीच संदेश पहुंचाने में मदद कर सकता है। पिछले महीने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार के साथ फोन पर हुई बातचीत में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के चीफ ऑफ स्टाफ एंड्री यरमक ने कहा था कि मोदी यूक्रेन में शांति स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि भारतीय पक्ष दोनों युद्धरत देशों के बीच किसी भी प्रत्यक्ष मध्यस्थता की भूमिका के लिए उत्सुक नहीं है।