पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी :असम पुलिस के प्रमुख जीपी सिंह असम छोड़ने को तैयार हैं। असम पुलिस के महानिदेशक जीपी सिंह असम छोड़कर किसी केंद्रीय सरकारी एजेंसी या बल में महानिदेशक के रूप में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। असम-मेघालय कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी के असम छोड़ने के आवेदन को दिसपुर ने पहले ही हरी झंडी दे दी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि असम पुलिस महानिदेशक का पद छोड़ने के बाद जीपी सिंह किस केंद्रीय एजेंसी या बल का नेतृत्व करेंगे। उम्मीद है कि केंद्रीय गृह मंत्रालय जल्द ही जीपी सिंह की नई नियुक्ति पर एक औपचारिक अधिसूचना जारी करेगा। आईपीएस अधिकारी के करीबी सूत्रों ने कहा कि उन्हें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) या केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के प्रमुख के रूप में प्रतिस्थापित किए जाने की संभावना है। गौरतलब है कि 1991 के असम-मेघालय कैडर के आईपीएस अधिकारी जीपी सिंह को पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में आईजीपी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। जीपी सिंह को 2019 के नागरिकता संशोधन विधेयक (सीएबी) विरोधी आंदोलन के दौरान तत्कालीन सर्बानंद सोनोवाल सरकार की ओर से असम वापस लाए गए थे। उस समय जीपी सिंह असम पुलिस के विशेष महानिदेशक (कानून और व्यवस्था) थे और उन्होंने सीएबी विरोधी आंदोलन को दबाया था। सीएबी विरोधी आंदोलन के दौरान पुलिस गोलीबारी में   पांच लोग मारे गए थे। जीपी सिंह ने तत्कालीन डीजीपी भास्करज्योति महंत की सेवानिवृत्ति के बाद 31 जनवरी, 2023 को असम के नए पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में पदभार संभाला था। इसी बीच उन्हें मेघालय के डीजीपी पद की भी पेशकश की गई थी,लेकिन उन्होंने इसे अस्वीकार कर दिया। फिलहाल जीपी सिंह, जिनकी सेवानिवृत्ति में अभी कई साल बाकी हैं, असम छोड़कर केंद्र सरकार की सेवा  में शामिल होने की योजना बना रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भी जीपी सिंह की नई नियुक्ति को हरी झंडी दे दी है,लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है कि असम-मेघालय कैडर के शीर्ष अधिकारी को कहां तैनात किया जाएगा। गौरतलब है कि सीआईएसएफ की पहली महिला महानिदेशक नीना सिंह 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो गईं। नीना सिंह की सेवानिवृत्ति के बाद सीआरपीएफ के वर्तमान महानिदेशक अनीस दयाल को सीआईएसएफ के कार्यवाहक महानिदेशक की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। फिलहाल सीआईएसएफ के महानिदेशक का पद खाली है। जीपी सिंह को सीआईएसएफ या सीआरपीएफ में से किसी एक बल के प्रमुख के रूप में नियुक्त किए जाने की संभावना है। यदि डीजीपी जीपी सिंह असम छोड़ते हैं तो वरिष्ठता के आधार पर विशेष महानिदेशक हरमीत सिंह को राज्य का नया महानिदेशक नियुक्त किए जाने की संभावना है। हालांकि, मुख्यमंत्री का फैसला तय करेगा कि असम का नया डीजीपी कौन होगा। गौरतलब है कि जीपी सिंह के साथ असम-मेघालय कैडर के एक और आईपीएस अधिकारी डॉ. धनंजय पुरुषोत्तम घनावत भी प्रतिनियुक्ति पर असम छोड़ने  को तैयार हैं।