नई दिल्ली : विदेश एवं वस्त्र राज्य मंत्री पवित्र मार्घेरिटा आगामी 16 अगस्त से 24 अगस्त तक आधिकारिक विदेश दौरा पर रहेंगे। इस दौरान वे डोमिनिकन गणराज्य (15-16 अगस्त 2024), ग्वाटेमाला (17-19 अगस्त 2024), अल साल्वाडोर (19 अगस्त 2024), पनामा (20-22 अगस्त 2024) और त्रिनिदाद एवं टोबैगो (23-24 अगस्त 2024) का आधिकारिक दौरा करेंगे। राज्य मंत्री के रूप में यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस दौरान वे डोमिनिकन गणराज्य में वहां के निर्वाचित राष्ट्रपति लुइस अबिनाडर के औपचारिक शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। साथ ही वहां विदेश राज्य मंत्री मार्घेरिटा भारतीय प्रवासियों के सदस्यों से बातचीत करेंगे। दूसरी ओर ग्वाटेमाला के दौरे के दौरान विदेश राज्य मंत्री ग्वाटेमाला गणराज्य के राष्ट्रपति सीजर बर्नार्डो अरेवालो डी लियोन से मुलाकात करेंगे। वे द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा करने के लिए ग्वाटेमाला गणराज्य के विदेश मंत्री कार्लोस रामिरो मार्टिनेज के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। यात्रा के दौरान ग्वाटेमाला के उद्योग मंडल, कृृषि, वाणिज्यिक, औद्योगिक और वित्तीय संघों की समिति (सीएसीआईएफ) के सदस्यों से विदेश राज्य मंत्री मार्घेरिटा मिलेंगे। वे यूनेस्को विरासत शहर एंटीगुआ का भी दौरा करेंगे। अल साल्वाडोर में विदेश राज्य मंत्री वहां के राष्ट्रपति नायब बुकेले से मुलाकात करेंगे और अल साल्वाडोर गणराज्य की विदेश मंत्री एलेक्जेंड्रा हिल टी के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलावा अन्य मंत्रिस्तरीय बातचीत और कार्यक्रमों की एक शृंखला में शरीक होंगे और भारतीय प्रवासियों के साथ भी बातचीत करेंगे। विदेश राज्य मंत्री अपने इस दौरा के दौरान पनामा में पनामा गणराज्य के विदेश मंत्री जेवियर मार्टिनेज के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे। वे पनामा गणराज्य के राष्ट्रपति जोस राउल मुलिनो से मुलाकात करेंगे। वे महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा प्रतीकात्मक संकेत के रूप में एक पौधा लगाने के लिए पनामा विश्वविद्यालय का दौरा करेंगे। वे पनामा नहर तथा पनामा पैसिफिको मुक्त व्यापार/औद्योगिक क्षेत्र सुविधाओं का भी दौरा करेंगे तथा विदेश राज्य मंत्री के सम्मान में आयोजित एक स्वागत समारोह के दौरान राजनयिक समुदाय तथा भारतीय प्रवासियों के प्रमुख सदस्यों से बातचीत करेंगे। त्रिनिदाद और टोबैगो में, विदेश राज्य मंत्री मार्घेरिटा वहा के विदेश एवं कैरीकॉम मामलों के मंत्री से डॉ. अमेरी ब्राउनमुलाकात करेंगे। वे त्रिनिदाद और टोबैगो गणराज्य के प्रधानमंत्री डॉ. कीथ रोली से मुलाकात करेंगे। वहां वे भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे। इन पांच देशों की यात्रा से लैटिन अमेरिका और कैरेबियाई क्षेत्र के देशों के साथ हमारे संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।
पवित्र मार्घेरिटा 16 अगस्त से रहेंगे छह देशों के दौरे पर