पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता गुवाहाटी : सरायघाट का पुराना पुल ब्रह्मपुत्र पर बना पहला दो मंजिला पुल है और यह अब 60 साल पुराना हो गया है जिसके कारण इस पुल पर यात्रा करना काफी खतरनाक हो गया है। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे अथॉरिटी (एनईएफआर) द्वारा साल में समय-समय पर पांच से दस दिन तक इस पुल की मरम्मत की जाती है। लेकिन मरम्मत के बाद भी पुल से होकर आने जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले साल की शुरुआत में रेलवे अधिकारियों ने पुल को लगभग एक महीने के लिए बंद कर दिया था और 10 करोड़ रुपए की लागत से इसका पुनर्निर्माण किया था। हालांकि, पुनर्निर्माण के छह महीने के भीतर ही पुल फिर से जर्जर हो गया। समय-समय पर पुल के एक तरफ को बंद करके पुल की दो बार मरम्मत की गई। लेकिन चालू मानसून सीजन के दौरान पुल के बीच में छोटे-बड़े कई गड्ढे बन गए हैं जिससे समय-समय पर छोटी-मोटी दुर्घटनाएं होती रही हैं। इसलिए मरम्मत के लिए पुल 10 और 11 अगस्त को दो दिन बंद रखा जाएगा। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सब्यसाचीे डे ने एक प्रेस बयान में कहा कि एनएफ रेलवे मरम्मत के लिए 10 अगस्त की रात 11ः00 बजे से 11 अगस्त की सुबह 05ः00 बजे तक 06 घंटे यातायात के लिए पुल बंद रखा जाएगा। रेलवे सूत्रों ने बताया कि मरम्मत 10 अगस्त की रात 11 बजे के बाद अगले दिन सुबह 5 बजे तक युद्धकालीन दक्षता के साथ की जाएगी। 11 अगस्त को पुल फिर यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।
मरम्मत के लिए बंद रहेगा पुराना शराईघाट पुल