नई दिल्ली : माइक्रोसॉफ्ट से संबंधित तीसरे पक्ष के सॉफ्टवेयर मंच के ‘अपडेट’ की वजह से विंडोज संचालित उपकरणों के प्रभावित होने से शुक्रवार को भारत सहित दुनियाभर में प्रौद्योगिकी संबंधी व्यवधान का सामना करना पड़ा। इस व्यवधान से विमानन, मीडिया एवं वित्तीय सेवाएं प्रभावित हुईं तथा कई अन्य कंपनियों का कामकाज भी प्रभावित हुआ। साथ ही कुछ कंपनियों के सॉफ्टवेयर पर निर्भरता की सीमाएं भी उजागर हुईं। साइबर सुरक्षा कंपनी ‘क्राउडस्ट्राइक’ के अनुसार माना जा रहा है कि इस समस्या की वजह कोई सुरक्षा गड़बड़ी या साइबर हमला नहीं है। माइक्रोसॉफ्ट ने कहा कि वह तीसरे पक्ष के सॉफ्टवेयर मंच के ‘अपडेट’ की वजह से विंडोज संचालित उपकरणों के प्रभावित होने की समस्या से अवगत है।
कई घंटे तक संकट बने रहने के बाद प्रौद्योगिकी कंपनी ने कहा है कि वह धीरे-धीरे माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप और सेवाओं तक पहुंच को प्रभावित करने वाली समस्या को ठीक कर रही है। इस संकट से भारत में एयरलाइन परिचालन बाधित हुआ, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए। कई एयरलाइन कंपनियों ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर बयान जारी कर कहा कि वे मैनुअल ढंग से चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रिया का पालन कर रही हैं। उन्होंने तकनीकी समस्याओं के कारण देरी होने की जानकारी दी। इंडिगो, स्पाइसजेट और अकासा को अपने नेटवर्क पर ऑनलाइन चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं में व्यवधान का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्हें ‘ऑफलाइन’ माध्यम से काम करना पड़ा। वहीं दूसरी ओर लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतर्राष्ट्रीय हवाईअड्डा से गुवाहाटी से मुंबई जाने वाली एक इंडिगो की फ्लाइट रद्द की गई। साथ ही सभी उड़ानें देर चल रही है।
नागर विमानन मंत्री के राममोहन नायडू ने यात्रियों को आश्वासन दिया कि उनका मंत्रालय और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) न्यूनतम व्यवधान सुनिश्चित करने के लिए ‘ऑफलाइन’ माध्यम से स्थिति को सक्रियता से संभालने में लगे हुए हैं। इंडिगो ने ‘एक्स’ पर कहा कि हमारे सिस्टम फिलहाल माइक्रोसॉफ्ट के व्यवधान की वजह से प्रभावित हैं, जिसका असर अन्य कंपनियों पर भी पड़ रहा है। इस दौरान बुकिंग, चेक-इन, बोर्डिंग पास तक पहुंच और कुछ उड़ानें भी प्रभावित हो सकती हैं। किफायती एयरलाइन अकासा ने कहा कि हमारे सेवा प्रदाता के साथ बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं के कारण बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग प्रबंधन सेवाओं सहित कुछ ऑनलाइन सेवाएं अस्थायी रूप से अनुपलब्ध रहेंगी। फिलहाल हम हवाई अड्डों पर ‘ऑफलाइन’ चेक-इन और बोर्डिंग प्रक्रियाओं का पालन कर रहे हैं। स्पाइसजेट ने कहा कि वह अपने सेवा प्रदाता के साथ तकनीकी चुनौतियों का सामना कर रही है, जिससे बुकिंग, चेक-इन और बुकिंग कार्यक्षमताओं के प्रबंधन सहित ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि उनका मंत्रालय माइक्रोसॉफ्ट के संपर्क में है और एनआईसी नेटवर्क व्यवधान से प्रभावित नहीं है। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वैष्णव ने कहा कि इस व्यवधान का कारण पहचान लिया गया है और इस मुद्दे को हल करने के लिए ‘अपडेट’ जारी किए गए हैं। सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तहत गठित कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल सर्ट-इन ने ‘क्राउडस्ट्राइक अपडेट’ की वजह से माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं में आई रुकावट पर एक सलाह जारी करते हुए इसे ‘गंभीर’ समस्या बताया है। माइक्रोसॉफ्ट संकट से भारतीय बैंक और भुगतान प्रणाली अप्रभावित रहे। हालांकि इस संकट से दुनिया भर में वित्तीय सेवा कंपनियां प्रभावित हुईं। एसबीआई के चेयरमैन दिनेश कुमार खारा ने कहा कि हम सब ठीक हैं। उन्होंने संकट से परिचालन पर प्रभाव के बारे में पूछने पर यह बात कही।
निजी क्षेत्र के बड़े बैंकों में शामिल एचडीएफसी बैंक ने भी कहा कि संकट का उस पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। एचडीएफसी बैंक में सूचना प्रौद्योगिकी के समूह प्रमुख रमेश लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि हमारी प्रणाली वैश्विक संकट से अप्रभावित है। बैंकिंग परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। आईसीआईसीआई बैंक और एक्सिस बैंक के अधिकारियों ने भी कहा कि उनकी प्रणाली ठीक काम कर रही है और संकट का कोई प्रभाव नहीं है। दो प्रमुख भारतीय शेयर बाजारों एनएसई और बीएसई ने कहा कि माइक्रोसॉफ्ट सेवाओं में रूकावट से उन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। एनएसई के प्रवक्ता ने बयान में कहा कि एनएसई (नेशनल स्टॉक एक्सचेंज) और एनसीएल (एनएसई क्लियरिंग लिमिटेड) आज सामान्य रूप से काम कर रहे हैं। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने कहा कि देश के 10 बैंकों और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) के कामकाज में मामूली व्यवधान पैदा हुआ, जिसे या तो हल कर लिया गया या समाधान किया जा रहा है।
माइक्रोसॉफ्ट 365 ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि कंपनी प्रभावित ट्रैफिक को वैकल्पिक प्रणालियों पर भेजने के लिए काम कर रही है ताकि अतिशीघ्रता से प्रतिकूल प्रभाव को कम किया जा सके। इस समस्या ने माइक्रोसॉफ्ट 365 ऐप और सेवाओं को प्रभावित किया। माइक्रोसॉफ्ट के एक प्रवक्ता ने कहा कि हमें उम्मीद है कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाल लिया जाएगा। इंटरनेट रुकावटों पर नजर रखने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर ने बताया कि वीजा, एडीटी सिक्योरिटी और अमेजन के साथ ही अमेरिकन एयरलाइंस और डेल्टा समेत विभिन्न एयरलाइन के कामकाज में व्यवधान देखा गया। ऑस्ट्रेलिया में समाचार संस्थानों ने बताया कि एयरलाइंस, दूरसंचार सेवाओं, बैंक और मीडिया संस्थानों में कंप्यूटर सिस्टम पर कामकाज नहीं हो पा रहा है।
अमरीकी, ब्रिटेन और यूरोप की एयरलाइनों ने समस्याएं होने की शिकायत कीं तथा न्यूजीलैंड के कुछ बैंकों ने कहा कि उनका कामकाज प्रभावित हुआ है। अमरीका में एफएए ने कहा कि यूनाइटेड, अमेरिकन, डेल्टा और एलीगेंट समेत सभी एयरलाइन का संचालन बंद हो गया है। कंप्यूटर संबंधी समस्याओं के कारण यूनाइटेड किंगडम में एयरलाइंस, रेलवे और टेलीविजन स्टेशन बाधित हो रहे हैं। बजट एयरलाइन सेवा रेयानएयर, ट्रेन सेवा ट्रांसपेनिन एक्सप्रेस व गोविया थेम्सलिंक रेलवे और ‘स्काई न्यूज’ में भी कामकाज प्रभावित हुआ है। जर्मनी में, बर्लिन हवाई अड्डे ने शुक्रवार सुबह कहा कि तकनीकी खराबी के कारण, चेक-इन में देरी होगी। रोम के लियोनार्दो दा विंची हवाई अड्डे पर अमेरिका जाने वाली कुछ उड़ानों में देरी हुई, जबकि अन्य पर कोई असर नहीं पड़ा।