पूर्वांचल प्रहरी डेस्क संवाददाता
गुवाहाटी : मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि असम के अंतर्देशीय जल परिवहन (आईडब्ल्यूटी) विभाग ने नदी परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 770 करोड़ रुपए के ऋण के लिए विश्व बैंक के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। सीएम ने ट्विटर पर लिखा कि असम और विश्व बैंक ब्रिज और रोड इंफ्रा से लेकर सेकेंडरी हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार के साथ-साथ नवीनतम तकनीकों और वैज्ञानिक डेटा का उपयोग करके जल संसाधन प्रबंधन से लेकर कई परियोजनाओं पर एक साथ काम करने के अवसर तलाश रहे हैं। आज नई दिल्ली में विश्व बैंक के कंट्री डायरेक्टर, जुनैद कमाल अहमद से मलकर मुझे खुशी हुई। मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम विश्व बैंक के साथ असम की साझेदारी को अगले और उच्च स्तर पर ले जा रहे हैं। दिल्ली के दौरे में रहे मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह 9 बजे केंद्रीय उर्बरक मंत्री मनसुख मंडाविया से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने नामरूप उर्बरक कारखाने के दूसरे और तीसरे यूनिट को पुनरुज्जीवित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपए मंजूर करने का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय मंत्री के आश्वासन के कुछ देर बाद ही उर्बरक मंत्रालय ने 100 करोड़ रुपए की मंजूरी दे दी। उर्बरक मंत्री से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने सुबह 10ः30 बजे राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की सरकारी आवास में उन के साथ आधे घंटे तक बैठक की। इसके बाद दोपहर 12ः30 बजे सीएम ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ उनके सरकारी आवास में बैठक की। इस बैठक में परेश बरुवा के साथ शांतिवार्ता सहित नागा शांतिवार्त के मुद्दे पर चर्चा हुई। शाम 7ः30 बजे मुख्यमंत्री ने 7 लोककल्याण मार्ग स्थित प्रधानमंत्री के सरकारी आवास में नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को मुख्यमंत्री केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण तथा कोयला मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात करेंगे।