डिजिटल डेस्क: हाल ही में उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 100 से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे थे। इस भगदड़ को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दायर की गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार (12 जुलाई) को हाथरस भगदड़ मामले पर सुनवाई से इनकार कर दिया. अदालत ने कहा कि निश्चित तौर पर ये चिंताजनक और गंभीर मसला है, लेकिन हाईकोर्ट भी इस मसले पर सुनवाई कर उचित आदेश पास करने में समर्थ है। शीर्ष अदालत ने याचिकाकर्ता से कहा कि वह अपनी बातों को हाईकोर्ट में रख सकता है। वकील विशाल तिवारी ने कोर्ट में याचिका दायर कर इस मामले पर सुनवाई की मांग की थी।

सुप्रीम कोर्ट ने याचिकाकर्ता को इलाहाबाद हाईकोर्ट जाने का निर्देश दिया है। चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़, जस्टिस जे.बी. पादरीवाल और मनोज मिश्रा की पीठ ने कहा कि इस तरह की घटनाएं काफी ज्यादा परेशान करने वाली हैं, लेकिन हाईकोर्ट ऐसे मामलों को सुनने के लिए सक्षम है। पीठ ने कहा, " ये परेशान करने वाली घटनाएं हैं। पीआईएल आमतौर पर ऐसी घटनाओं को तूल देने के लिए किया जाता है। हाईकोर्ट इस मामले से निपटने के लिए सुसज्जित है. केस बर्खास्त।"