पूर्वांचल प्रहरी संवाददाता गुवाहाटी : नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों का फायदा उठाते हुएं घरेलू उड़ान टिकटों की कीमत में बढ़ोत्तरी और सीमित विमानों के कारण उड़ानों में देरी को लेकर विमान यात्रियों की परेशानी काफी बढ़ गई है। इस स्थिति में यात्रियों के लिए आपातकालीन स्थिति में उड़ान भरना फिलहाल असंभव-सा हो गया है। साथ ही इस सप्ताह गुवाहाटी-नई दिल्ली उड़ान टिकट की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। कई लोगों को आपातकालीन स्थिति में टिकट खरीदने के लिए दिल्ली की अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ रही है। बताते चलें कि गुवाहाटी-दिल्ली उड़ान टिकटों की कीमत, जो आमतौर पर 7000-8000 रुपए होती थीं,अब उसकी कीमत 25,000-30,000 रुपए हो गई है। अगले दिन की यात्रा के लिए टिकटों की कीमत 6,000-7000 रुपए की जगह अब 30,000 रुपए हो गई है, इससे हवाईयात्रियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने अगले दिन के टिकटों की कीमत में असामान्य वृद्धि पर भी आपत्ति जताई है। दरअसल, मोदी सरकार के दौरान डीजीसीए की ओर से लागू किए गए एक नियम का फायदा उठाते हुए एयरलाइंस ने अंतिम समय में असामान्य दर से टिकट की कीमतें बढ़ा दी हैं। डीजीसीए के मुताबिक मांग ज्यादा होने पर एयरलाइंस आखिरी वक्त में टिकट का दाम बढ़ा सकती हैं। यह नियम अक्सर असम और पूर्वोत्तर पर लागू होता दिखाई देता है। विभिन्न कारणों से राष्ट्रीय राजधानी आने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो रही है। कई विमान सेवाओं के बंद होने से असम और पूर्वोत्तर के यात्रियों के पास एयर इंडिया और इंडिगो से जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। ये दोनों एयरलाइंस उड़ानों या प्रस्थान में इतनी देरी करते हैं कि भारत में हवाई यात्रा और रेल यात्रा के बीच कोई अंतर नहीं रह जाता है। दरअसल, पिछले साल देश के 30 फीसदी विमानों की उड़ान बंद कर दी गई। चालू वर्ष के मार्च से पहले देश भर में करीब 700 विमानों ने उड़ान भरी थी,लेकिन मार्च, 2024 से इनमें से 200 विमानों की सेवा स्थगित कर दी गई है। विगत मार्च से इंडिगो की 90 उड़ानें, स्पाइसजेट की 30 उड़ानें, एयर इंडिया की 30 उड़ानें और 54 गो फास्टर उड़ानें निलंबित कर दी गई हैं। दिवालियापन के कारण डीजीसीए ने गो फास्टर एयरलाइंस को बंद कर दिया है। कई अन्य एयरलाइंस भी हैं जिन्होंने उड़ानों के अनुपयुक्त होने के कारण उड़ानें निलंबित कर दी हैं। इसलिए, देश के आसमान में उड़ान भरने या देश के यात्रियों को ले जाने वाले विमानों की संख्या कम हो गई है। परिणामस्वरूप, एयरलाइंस समय पर पूर्व निर्धारित मार्गों पर उड़ानें संचालित करने में असमर्थ रही हैं और यात्रियों को सीमित उड़ानों के लिए आवश्यक टिकट उपलब्ध कराने में विफल रही हैं।
एयर टिकट की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी